Ishan Kishan ने आंसुओं को दबाकर फहराया तिरंगा, घर से आई दो मौतों की खबर फिर भी नहीं हारी हिम्मत, जज्बे को सलाम
T20 World Cup 2026, Ishan Kishan: खेल की दुनिया में जीत के आंकड़े अक्सर इतिहास बनते हैं, लेकिन कुछ जीत ऐसी होती हैं जो बलिदान की मिसाल बन जाती हैं। टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में जब ईशान किशन अहमदाबाद के मैदान पर न्यूज़ीलैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा रहे थे, तब किसी को अंदाजा नहीं था कि यह युवा खिलाड़ी अपने भीतर दुखों का कितना बड़ा पहाड़ दबाए बैठा है।
फाइनल से 24 घंटे पहले मिली दुखद खबर (T20 World Cup 2026, Ishan Kishan)
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक खिताबी मुकाबले से ठीक एक दिन पहले एक दर्दनाक सड़क हादसे ने ईशान की कजिन बहन और उनके पति (जीजा) को उनसे हमेशा के लिए छीन लिया। यह हादसा सिलीगुड़ी के पास तब हुआ जब वे एक शादी समारोह में जा रहे थे। इस दुर्घटना में उनके दो छोटे बच्चे तो सुरक्षित बच गए, लेकिन ईशान के परिवार पर दुखों का सन्नाटा पसर गया।

बहन को आखिरी बार देखना चाहते थे ईशान
ईशान के पिता, जो बेटे को विश्व कप उठाते देखने अहमदाबाद आ रहे थे, एयरपोर्ट से ही सीधे सिलीगुड़ी के लिए रवाना हो गए। अपनों की मौत की खबर सुनकर ईशान पूरी तरह टूट चुके थे और अपनी बहन को आखिरी बार देखना चाहते थे। लेकिन सामने करोड़ों भारतीयों की उम्मीदें और 'विश्व कप' की ट्रॉफी खड़ी थी। इस कठिन घड़ी में ईशान ने हार्दिक पंड्या से बात की।
दमदार रहा ईशान का वर्ल्ड कप
हार्दिक ने उन्हें सलाह दी कि भावनाओं को किनारे रखो और टीम को आगे रखो। ईशान ने फाइनल में महज़ 25 गेंदों में 54 रनों (4 चौके, 4 छक्के) की आतिशी पारी खेलकर भारत को 255 रनों के ऐतिहासिक स्कोर तक पहुंचाया। इतना ही नहीं, फील्डिंग के दौरान उन्होंने चीते जैसी फुर्ती दिखाते हुए 3 शानदार कैच भी लपके। ईशान ने 9 मैचों में 35.22 की औसत और 193.29 के स्ट्राइक रेट से कुल 317 रन बनाए। वे टूर्नामेंट के चौथे सबसे सफल बल्लेबाज रहे।
फैंस कर रहे जज्बे को सलाम
जीत के बाद ईशान की आंखों में आंसू थे। उन्होंने भारी मन से कहा कि मैच से पहले मैंने अपनी बहन को खो दिया। मैंने उसके लिए अच्छा खेला और यह जीत उसे समर्पित है। आज 'विमेंस डे' है, इसलिए यह और भी खास हो जाता है। ईशान किशन की इस बहादुरी को देखकर सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उनकी हिम्मत और जज्बे को सलाम कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications