IND vs ENG: सेमीफाइनल से पहले 'हिटमैन' को सुनिल गावस्कर ने दी खास सलाह, ऐसा किया तो होगी रनों की बौछार
रोहित शर्मा के लिए यह वर्ल्ड कप अब तक कुछ खास नहीं गुजरा है। नीदरलैंड के खिलाफ अर्धशतक को छोड़ दें तो अधिकतर मुकाबलों में रोहित का बल्ला खामोश ही रहा है। लेकिन सेमीफाइनल में रोहित शर्मा के बल्ले से रनों की जरूरत होगी।
India vs England T20WC 2022 2nd Semi final: रोहित शर्मा के लिए यह वर्ल्ड कप अब तक कुछ खास नहीं गुजरा है। नीदरलैंड के खिलाफ अर्धशतक को छोड़ दें तो अधिकतर मुकाबलों में रोहित का बल्ला खामोश ही रहा है। लेकिन सेमीफाइनल में रोहित शर्मा के बल्ले से रनों की जरूरत होगी। टीम को अपने कप्तान से एक ठोस शुरुआत की उम्मीद होगी। रोहित शर्मा खुद भी इस मुकाबले में एक बडी पारी खेलना चाहेंगे।

वर्ल्ड कप में दबाव में नजर आए रोहित शर्मा
टी-20 वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा खुलकर बल्लेबाजी नहीं कर रहे हैं। कुछ मुकाबलों में वह बेहद दबाव में नजर आए। यही वजह है कि जैसी शुरुआत टीम को मिलनी चाहिए अब तक वैसी देखने को नहीं मिली है। टीम के लिए रोहित का आउट ऑफ फॉर्म होना चिंता का कारण बना हुआ है। रोहित शर्मा ने इस वर्ल्ड कप में सिर्फ पांच मैचों में 17 की औसत से 89 रन बनाए हैं।

सुनिल गावस्कर ने बताया कहां हो रही है गलती
रोहित शर्मा की बल्लेबाजी को लेकर भारत के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सुनिल गावस्कर ने कुछ बातों का जिक्र किया है। सुनिल गावस्कर ने बताया कि रोहित शर्मा टीम को तेज शुरुआत दिलाने के प्रयास में गलत शॉट खेलकर आउट हो रहे हैं। उनकी ताकत पुल शॉट ऑस्ट्रेलिया में रोहित की सबसे बड़ी कमजोरी बनकर सामने आई है। वह पिछले कुछ मुकाबलों में लगातार पुल लगाने के प्रयास में अपना विकेट गंवाते रहे हैं।

ऑस्ट्रेलियाई मैदानों पर रखना होगा ख्याल
सुनिल गावस्कर के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया के बड़े मैदानों पर फील्डरों को ध्यान में रखकर शॉट खेलने की जरूरत है। गावस्कर ने इंडिया टूडे के हवाले से कहा कि हमने देखा कि दो साल पहले भी वह 40-50 रन बनाकर इस तरह के शॉट खेलकर अपना विकेट खोते रहे हैं। रोहित को पावरप्ले के दौरान फील्डरों को ध्यान में रखते हुए अपने शॉट्स का चयन करना होगा। गुरुवार को सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ रोहित शर्मा से टीम को खासी उम्मीदें होंगी।












Click it and Unblock the Notifications