T20 World Cup 2022: प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव को मिला नोमिनेशन
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप के लिए शुक्रवार को प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट अवॉर्ड के लिए खिलाड़ियों की घोषणा की है। नौ उम्मीदवारों में विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, वनिन्दु हसरंगा, शादाब खान, शाहीन शाह अफरीदी, जोस बटलर, सैम करन, सिकंदर रजा और एलेक्स हेल्स शामिल हैं।

Recommended Video
कोहली और सूर्यकुमार टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वालों में से हैं, लेकिन उनके बेस्ट प्रयासों के बावजूद, भारत फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में विफल रहा। सेमीफाइनल में, मेन इन ब्लू को एडिलेड ओवल में इंग्लैंड के हाथों 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा क्योंकि उस दिन भारत के पास अंग्रेजों का कोई तोड़ नहीं था।
उस मैच में जोस बटलर के साथ 170 रन की साझेदारी में 86 रन बनाने के बाद हेल्स को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला था। थ्री लायंस ने 24 गेंद शेष रहते 169 रनों के लक्ष्य का पीछा किया।
तो वहीं जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा ने इस साल टी20 में सात प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार जीते हैं, जो दर्शाता है कि वह अपनी टीम के कितने बड़े खिलाड़ी हैं। उन्होंने मौजूदा टूर्नामेंट में भी बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन किया जिसके चलते तीन प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड विश्व कप में आए। हालांकि जिम्बाब्वे सुपर 12 से आगे बढ़ने में विफल रहा।
वहीं हसरंगा टूर्नामेंट में श्रीलंका के लिए 6.41 की इकॉनमी रेट से आठ मैचों में 15 विकेट लेने के बाद आईसीसी टी20 रैंकिंग में भी टॉप कर चुके हैं। जाहिर है कि वे इस टूर्नामेंट में श्रीलंका के लिए स्टैंडआउट गेंदबाज थे। लेकिन लंका भी सुपर 12 से आगे नहीं बढ़ सका।
वहीं, इंग्लैंड के तेज गेंदबाज सैम करन टी20 इंटरनेशनल में पांच विकेट लेने वाले अपने देश के पहले तेज गेंदबाज बन गए। बाएं हाथ के इस गेंदबाज ने मोहम्मद नबी की अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में यह कारनामा किया। फिलहाल इंग्लैंड फाइनल में है।
शादाब खान ने हाल ही में T20I में पाकिस्तान के लिए शाहिद अफरीदी के सर्वाधिक विकेट के रिकॉर्ड की बराबरी की। तो उनके हमवतन बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने भले ही शुरुआत में अपनी लय खोजने में समय लगाया पर वे इस समय अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर हैं और संडे को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में निर्णायक साबित हो सकते हैं।
13 नवंबर रविवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जाने वाले विश्व कप के फाइनल में जब पाकिस्तान इंग्लैंड के साथ भिड़ेगा तो शाहीन और शादाब दोनों के पास अपने विकेट बढ़ाने का मौका होगा।












Click it and Unblock the Notifications