'हर्ट होकर तबाह हो जाने जैसा...',भारत की वर्ल्ड कप से विदाई हार्दिक पांड्या के लिए ऐसा दर्द लेकर आई
भारत की टीम T20 वर्ल्ड कप से दिल तोड़ने वाली हार के बाद बाहर हो गई है। हार्दिक पांड्या ने हालांकि इस मुकाबले में 33 गेंदों पर 63 रनों की पारी खेली थी जिसके चलते भारत को अपनी जीत की उम्मीदें थी लेकिन अंग्रेजों के सामने 168 रनों का स्कोर कुछ भी साबित नहीं हुआ। हार्दिक इस विश्व कप में गेंद से भी अच्छा प्रदर्शन करते रहे और वह एक परिपक्व खिलाड़ी बनकर उभरे। हार्दिक ने साबित किया कि भारत बड़े प्लेटफार्म पर बड़े मैचों में उन पर भरोसा कर सकता है। यह कुछ ऐसी बात है जो केएल राहुल, रोहित शर्मा, ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ियों के लिए अभी तक नहीं कही जा सकती।

दिल टूटा हुआ
इंग्लैंड के हाथों मिली 10 विकेट से करारी हार के बाद हार्दिक पांड्या ने सोशल मीडिया पर एक मैसेज शेयर किया जहां उनका दिल टूटा हुआ दिखाई दे रहा था। हार्दिक ने 4 तस्वीरें पोस्ट की है जिसमें इस विश्व कप में टीम इंडिया की विदाई के बारे में बात कर रहे हैं। हार्दिक ने कहा है कि पूरी तरह से दिल टूट चुका है, काफी हर्ट हुआ है। यह हम सभी के लिए बहुत मुश्किल है। अपने साथियों के साथ मैंने जो बॉन्डिंग बनाई उसको मैंने इंजॉय किया। हम हर कदम पर एक दूसरे के लिए लड़े। सपोर्ट स्टाफ का उनके अंतहीन डेडीकेशन के लिए शुक्रिया जो वे महीनों तक हमारे साथ हार्डवर्क करते रहे।

हार्दिक की भूमिका आगे अहम
हार्दिक ने पाकिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ बढ़िया पारियां खेली और गेंद के साथ 8 विकेट लेकर भारत की ओर से सर्वाधिक विकेट लेने वाले दूसरे तेज गेंदबाज बने। हार्दिक पांड्या को भारत के अगले टी20 कप्तान के तौर पर भी देखा जा रहा है। इस वर्ल्ड कप में मिली हार का मतलब है कि भारत को उसके सीनियर खिलाड़ियों ने लगातार दो साल में दो टी20 वर्ल्ड कप में निराश किया है। अब टीम में जरूरी बदलाव का समय है और वहां पर हार्दिक की भूमिका अहम मानी जा रही है।
इंग्लैंड की टीम पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला करेगी
दूसरी ओर, अब इंग्लैंड की टीम मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला करेगी। दोनों ही टीमें खिताब को जीतने की ओर देखेंगी। इससे पहले दोनों ने 1992 में क्रिकेट वर्ल्ड कप में इसी जगह पर एक दूसरे का सामना किया था और पाकिस्तान विजेता बनकर उभरा था। इन दोनों ने ही अपने सेमीफाइनल मुकाबले एकतरफा अंदाज में जीते। फिलहाल मार्क वुड की गैर मौजूदगी में इंग्लैंड की बॉलिंग पाकिस्तान के सामने कमतर है लेकिन उनके पास बढ़िया बल्लेबाजी है।












Click it and Unblock the Notifications