T-20 World Cup: मेलबर्न में कमाल कर चुके हैं भारत के तीन ‘कुमार’, पाकिस्तान के खिलाफ भुवी होंगे असरदार!
T-20 World Cup India Pakistan Match: मेलबर्न के मैदान पर भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला है। तारीख है 23 अक्टूबर। इस मैच में पिच की भूमिका सबसे अहम होगी। 15 दिन पहले इस मैदान पर फुटबॉल मैच खेला गया था। लेकिन अब इसे क्रिकेट के सबसे रोमांचक मुकाबले के लिए तैयार कर लिया गया है। पिछले हफ्ते मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड के आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से मैदान का एक वीडियो शेयर किया गया था। इस वीडियो में दिख रहा है कि एक टर्फ पिच बनायी गयी है।

आम तौर पर माना जाता है कि टर्फ विकेट बल्लेबाजी के लिए आसान होती है। विशेषज्ञों के मुताबिक इस पिच पर शुरू में तेज गेंदबाजों को मदद मिलेगी। उन्हें एक्स्ट्रा बाउंस मिलेगा। बीच के ओवरों में धीमी गति के गेंदबाज भी फायदा उठा सकते हैं। कुल मिला कर यह पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जा रही है। बस शुरू में संभल कर खेलना होगा। इसके पहले मेलबर्न में भारत के मीडियम पेसर कमाल कर चुके हैं। मध्यम गति के वे गेंदबाज जो स्विंग पर नियंत्रण रखते हैं, वे मेलबर्न में सफल रहे हैं। भुवनेश्वर कुमार ने 2018 में और प्रवीण कुमार, विनय कुमार ने 2012 में असरदार बॉलिंग की थी। एक मैच बारिश की वजह से रद्द् हो गया था जब कि दूसरे मैच में भारत को जीत मिली थी।

ऑस्ट्रेलिया 19 ओवर में 132
नवम्बर 2018 में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी-20 मैच खेला गया था। उस समय ऑस्ट्रेलिया की टीम में एरोन फिंच के अलावा, डार्सी शॉर्ट, क्रिस लिन, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनस जैसे प्रमुख खिलाड़ी थे। तब भारतीय तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, खलील अहमद पर थी। कुलदीप यादव और क्रुणाल पांड्या स्पिन आक्रमण पर थे। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी की। लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने वे खुल कर नहीं खेल सके। भुवनेश्वर ने 3 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट लिये थे। उनकी स्लोअर गेंदों पर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बड़े शॉट्स नहीं खेल पा रहे थे। बीच के ओवरों में कुलदीप यादव ने भी शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने चार ओवरों में 23 रन दे कर एक विकेट लिया था। क्रुणाल पांड्या ने चार ओवर में 26 रन देकर एक विकेट लिया था। बुमराह ने भी किफायती गेंदबाजी की थी। उन्होंने चार ओवर में 20 रन दे कर एक विकेट लिया था। ऑस्ट्रलिया की मजबूत टीम 19 ओवर में केवल 132 रन बना पायी थी और उसके 7 विकेट गिर चुके थे। तभी बारिश आ गयी जिसकी वजह से मैच रद्द कर देना पड़ा था। यानी इस पिच पर धीमी गति के गेंदबाज प्रभावी हो सकते हैं।

ऑस्ट्रेलिया 131, भारत 8 विकेट से जीता
फरवरी 2012 में भी मेलबर्न में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी-20 मैच खेला गया था। इस मैच में भी ऑस्ट्रेलिया ने पहले बैटिंग की थी और उसकी बल्लेबाजी धाराशायी हो गयी थी। एरोन फिंच ने सबसे अधिक 36 रन बनाये थे। मैथ्यू वेड ने 32 रनों की पारी खेली थी। लेकिन इसके बाद कोई बल्लेबाज नहीं चला था। वार्नर, शॉन मार्श, डेविड हसी नाकाम रहे थे। ऑस्ट्रेलिया की पारी केवल 131पर सिमट गयी थी। भारत की तरफ से प्रवीण कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। उन्होंने 3 ओवरों में 21 रन दे कर 2 विकेट लिये थे। विनय कुमार ने चार ओवर में 25 रन खर्च कर एक विकेट लिया था। स्पिनर के रूप में राहुल शर्मा ने 3.4 ओवर में 29 दे कर 2 विकेट लिये थे। भारत को जीत के लिए केवल 132 रन बनाने थे। गौतम गंभीर के नाबाद 56, सहवाग के 23, कोहली के 31 और धोनी के नाबाद 21 रनों की बदौलत भारत ने 8 विकेट से यह मैच जीत लिया था।

धीमी गति के के गेंदबाज हो सकते हैं प्रभावी
इन दोनों मैचों में एक सामान्य बात है। मध्यम गति के गेंदबाज मेलबर्न में सफल रहे हैं। भुवनेश्वर कुमार, प्रवीण कुमार और विनय कुमार मध्यम गति के गेंदबाज रहे हैं। स्विंग उनका मुख्य हथियार रहा। इसकी वजह से इन्हें मेलबर्न में कामयाबी मिली। इस पिच पर बीच के ओवरों में स्पिनरों ने भी अच्छी गेंदबाजी की। इसलिए उम्मीद की जा रही है कि 2022 के इस अहम मैच में भुवनेश्वर, हर्षल पटेल और युजवेन्द्र चहल पाकिस्तान के खिलाफ असरदार साबित होंगे।
यह भी पढ़ें: MS Dhoni के 10वीं पास होने पर पिता को नहीं था भरोसा, माही को 12वीं में मिले थे इतने नंबर












Click it and Unblock the Notifications