सुशील के जज्बे को उत्तराखंड सरकार का सलाम, पंत से बात करके CM धामी ने बताया क्यों हुआ ये हादसा
उत्तराखंड के मुख्य मंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चोटिल भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत से बात की है। उन्होंने हादसे का कारण भी बताया है।

भारतीय क्रिकेट ऋषभ पंत की जान बचाने वाले सुशील मान को हरियाणा रोडवेज ने सम्मानित किया था जिसके बाद उनको 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर उत्तराखंड सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा। सुशील ने अपने बस कंडक्टर परमजीत के साथ मिलकर पंत को बचाया। ये दोनों पंत के लिए मसीहा बनकर आए जो शुक्रवार, 30 दिसंबर को एक भयानक कार दुर्घटना का शिकार हुए थे। अब विकेटकीपर बल्लेबाज की हालत स्थिर है लेकिन जब पंत को बचाया जा रहा था तब वे अपने पूरे शरीर पर चोट के निशान के साथ अपनी कार के अंदर पड़े हुए थे।

सुशील और उनके कंडक्टर के कार्य की हर ओर तारीफ हो रही है। दोनों ने ना केवल उत्तराखंड बल्कि देश के लिए महत्वपूर्ण काम किया है। पंत एक ऐसे कीपर हैं जो टेस्ट क्रिकेट में भारत के इतिहास के बेस्ट कीपर बल्लेबाज बनने की ओर बहुत मजबूती से आगे बढ़े हैं। 24 साल की उम्र में उन्होंने देश का नाम क्रिकेट में रोशन करने वाली कुछ यादगार पारियां खेली हैं। सुशील और परमजीत की फोटो सोशल मीडिया पर कल से वायरल हो रही हैं। एनसीए चीफ और भारत के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने तहेदिल से उनका शुक्रिया अदा किया है।
पुष्कर सिंह धामी ने बताया एक्सीडेंट का कारण

साथ ही उत्तराखंड के चीफ मिनिस्टर पुष्कर सिंह धामी भी पंत से मुलाकात करने के लिए देहरादून के मैक्स हॉस्पिटल में पहुंचे। धामी ने बताया कि पंत का इलाज फिलहाल मैक्स में ही चल रहा है। साथ ही उन्होंने पंत के एक्सीडेंट के पीछे की वजह भी बताई है। उन्होंने कहा कि पंत ने एक्सीडेंट की वजह हाईवे पर मौजूद गड्ढे को बताया है।
हादसा दिल्ली-देहरादून हाईवे पर हुआ और बस ड्राइवर के मुताबिक कार डिवाइडर से टकराकर तीन से चार मोड़ ले चुकी थी। पंत का फिलहाल देहरादून के मैक्स अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया है कि पंत को झपटी लगी थी जिसके चलते यह हादसा हुआ तो वहीं दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ के निदेशक श्याम शर्मा ने कहा कि दुर्घटना के वक्त पंत गड्ढे से बचने की कोशिश कर रहे थे।
एम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पंत को पूरी तरह से फिट होने के लिए तीन से छह महीने का समय चाहिए। उन्हें हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के लिए भारत की एकदिवसीय और टी20 टीमों से बाहर कर दिया गया था। फिलहाल के लिए पंत ऑस्ट्रेलिया के भारत दौरे और आईपीएल 2023 से पूरी तरह बाहर हैं।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications