'ऐसे तो खिलाड़ियों का मनोबल टूट जाएगा', गावस्कर ने दी वेंगसरकर, अजहरुद्दीन को नसीहत
नई दिल्ली, 18 सितंबर: अगर आप क्रिकेट की दुनिया से ताल्लुक रखते हैं तो आलोचनाएं आपकी साथी हैं। कितना भी बेहतर कर लिया जाए लेकिन कोई ना कोई चूक होने की संभावनाएं रहेगी और उन पर काफी सवाल उठाए जाएंगे। यह क्रिकेट के खेल का हिस्सा है। लोकप्रिय खेलों के साथ यह सब चीजें ऑटोमेटिक तौर पर जुड़ी होती हैं। कुछ ऐसा ही विश्व की क्रिकेट टीमों के साथ हो रहा है जिन्होंने हाल ही में T20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम की घोषणा की है। इससे भारतीय क्रिकेट टीम भी अछूती नहीं है और उनको भी अपने ही पूर्व खिलाड़ियों की आलोचना झेलनी पड़ी है।

टीम सिलेक्शन से खुश नहीं थे दोनों पूर्व खिलाड़ी
किसी भी टीम का चयन उस टीम से संबंधित सिलेक्टर करते हैं और भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन व दिलीप वेंगसरकर ने इन्हीं को आड़े हाथों लेते हुए कुछ खिलाड़ियों के नाम ना होने पर नाराजगी जाहिर की थी। मोहम्मद अजहरुद्दीन ने कहा था कि इस टीम में श्रेयस अय्यर और मोहम्मद शमी जैसे नाम होने चाहिए थे। श्रेयस अय्यर को दीपक हुड्डा की जगह पर आना चाहिए था और हर्षल पटेल की जगह पर मोहम्मद शमी बेहतर रहते।

दिलीप वेंगसरकर खुद पूर्व चीफ सिलेक्टर रह चुके हैं
वहीं, भारत के एक और पूर्व कप्तान व चीफ सिलेक्टर रह चुके दिलीप वेंगसरकर ने इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए कहा था, अगर मुझे टीम का चुनाव करना होता तो मैं मोहम्मद शमी, उमरान मलिक और शुबमन गिल का करता। उन्होंने आईपीएल में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था ऐसे में आपको इन्हें काफी मौके देने चाहिए।

टीम का समर्थन करना चाहिए
अब इसी पब्लिकेशन से बात करते हुए गावस्कर ने पूर्व खिलाड़ियों को नसीहत दी है और कहा है कि एक बार जब टीम का सिलेक्शन हो जाता है तो उस टीम का समर्थन करना चाहिए उसमें कोई कमी नहीं निकालनी चाहिए। यहां तक कि गावस्कर रोहित शर्मा एंड कंपनी को पूरी तरह सपोर्ट करते हुए कहते हैं कि भारतीय टीम 2013 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से आईसीसी के टाइटल का सूखा भी खत्म कर सकती है।

ऐसा करने से खिलाड़ियों का मनोबल टूटता है
गावस्कर कहते हैं, मुझे टीम पर भरोसा है। हर टीम को थोड़े बहुत भाग्य की जरूरत होती है वह घर में ट्रॉफी लेकर आ सकते हैं। एक बार जब टीम का सिलेक्शन हो जाता है तो फिर वह आपकी भारतीय टीम बन जाती है और इसको सपोर्ट करना ही चाहिए। हमें टीम के चयन पर सवाल नहीं उठाने चाहिए क्योंकि ऐसा करने से खिलाड़ियों का मनोबल टूटता है।
T20 वर्ल्ड कप में भारतीय क्रिकेट टीम को पाकिस्तान बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमों के साथ रखा गया है इस ग्रुप में दो क्वालीफायर भी खेलेंगे जिनका फैसला बाद में होगा।












Click it and Unblock the Notifications