जिसे दरकिनार किया उसे WTC फाइनल में कीपर बनाओ, गावस्कर चाहते हैं रोहित शर्मा करें भरत को ड्रॉप
WTC Final में भारत के लिए दो सबसे बड़ी चिंता उसके स्टार खिलाड़ियों जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी होगी। पंत की जगह पर भरत बहुत अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।

बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में जो खिलाड़ी फुस्स साबित हुआ वह थे केएस भरत जिनसे ऋषभ पंत की जगह भरने के लिए कुछ बेहतर काम करने की उम्मीदें थी। भरत में बल्लेबाजी के लिए आक्रामक अंदाज दिखाने की मानसिकता है लेकिन उनके पास पंत जैसे शॉट्स नहीं हैं जो गेंदबाजों को भटका सकें। फिर भी एक नए बल्लेबाज का तेज रन बनाने के प्रति जज्बा सराहना चाहिए। काश वे बड़ी पारी खेल पाते तो बात कुछ और होती लेकिन अब उनकी छोटी पारियां और खराब विकेटकीपिंग आने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के लिए बड़ी उम्मीदें पैदा नहीं करते।

केएस भरत को फाइनल मुकाबले के लिए ड्रॉप करें
इसी वजह से भारत के दिग्गज सुनील गावस्कर चाहते हैं कि रोहित शर्मा केएस भरत को फाइनल मुकाबले के लिए ड्रॉप करें और टीम से खराब बल्लेबाजी के लिए दरकिनार किए गए केएल राहुल को विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी सौंपी जाए। राहुल भरत से कई गुना बेहतर बल्लेबाज हैं और जिस तरह की कीपिंग भरत कर रहे हैं राहुल उससे खराब तो नहीं करेंगे।

गावस्कर ने दिया ये सुझाव
WTC फाइनल में आपको तेज गेंदबाजी मेन हथियार के तौर पर इस्तेमाल होती दिखेगी जहां राहुल के पास कहीं बेहतर अनुभव और तकनीक है। गावस्कर ने स्पोर्टस तक से बात करते हुए कहा कि अगर राहुल ओवल में नंबर पांच या 6 पर बल्लेबाजी करते हैं तो भारत की बल्लेबाजी मजबूत होगी। उन्होंने पिछले साल इंग्लैंड में वाकई में बढ़िया बैटिंग की थी। लॉर्ड्स में शतक लगाया था तो आप WTC फाइनल में प्लेइंग 11 चुनते हुए ये बात ध्यान में रखिए।

केएल राहुल का सिलेक्शन कर सकता है काम
राहुल अभी भी वनडे में पहली पसंद के कीपर हैं। गावस्कर ने कहा कि टर्निंग पिचों पर कीपर की असली परीक्षा होती है। अगर आप ट्रेविस हेड का आउट देखें तो जब बॉलर टर्न लेकर उनके स्टंप में लगी तो भरत के ग्लव्स कहीं भी गेंद के पास नहीं थे। यानी गेंद स्टंप को हिट ना करती तो चार रन बाई के मिल जाते। ये वाकई में चिंता की बात है। इंग्लैंड में आपको ऐसी पिचें नहीं मिलेंगी तो आप वहां केएल राहुल को चुन सकते हैं। यहां तक ईशान किशन भी एक नाम हैं। उनकी बल्लेबाजी भरत से बेहतर है और ये बस एक टेस्ट की बात है जहां इन बदलावों से भारत की बल्लेबाज मजबूत होगी।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications