SL vs ZIM: एशिया कप से पहले ज़िम्बाब्वे ने की श्रीलंका की फजीहत, करो या मरो वाले मैच में बुरी तरह हराया
Sri Lanka vs Zimbabwe: हरारे स्पोर्ट्स क्लब में ज़िम्बाब्वे की टीम ने तहलका मचाने का काम किया है। श्रीलंका के खिलाफ करो या मरो वाले दूसरे टी20 मुकाबले में ज़िम्बाब्वे के गेंदबाजों ने रंग जमा दिया और मेहमान टीम के नाक में दम कर दिया। ज़िम्बाब्वे ने इस मैच में जीत दर्ज कर सीरीज की स्कोरलाइन 1-1 कर दी है।
सिकंदर रजा की धारदार गेंदबाजी के सामने श्रीलंका की टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई। पूरी टीम महज 80 के स्कोर पर आउट हो गई। एशिया कप से पहले श्रीलंकाई टीम के लिए यह अच्छा संकेत नहीं कहा जा सकता है।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए ज़िम्बाब्वे ने धांसू प्रदर्शन किया। पथुम निसंका 8 और कुसल मेंडिस 1 रन बनाकर आउट हो गए। यहां भी मामला नहीं थमा, नुवानिदु फर्नान्डो 1 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने। उनके बाद कामिल मिशारा भी 20 रन बना चलते बने।
श्रीलंका ने एक के बाद एक विकेट गंवाए। कप्तान असलंका ने पारी संभालने का प्रयास किया था लेकिन उनकी पारी भी 18 रनों के निजी स्कोर पर थम गई। श्रीलंका की पूरी टीम 18वें ओवर तक आते ही 80 के कुल स्कोर पर आउट हो गई। सिकंदर रजा ने तूफानी गेंदबाजी करते हुए 11 रन देकर 3 विकेट झटके। उनके अलावा ब्रैड एवांस ने भी 15 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किये।
जवाबी पारी में खेलते हुए ज़िम्बाब्वे की शुरुआत भी खराब रही, मरुमानी महज 17 रन बना चलते बने। उनके बाद शॉन विलियम्स बिना खाता खोले चलते बने और बेनेट 19 के स्कोर पर आउट हो गए। तीनों को दुश्मन्था चमीरा ने आउट किया। स्कोर 27/3 हो गया। कप्तान सिकंदर रजा का बल्ला भी नहीं चला, वह 2 रन बना पाए।
बाद में रयान बर्ल ने क्रीज पर टिककर कुछ रन बनाए और टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाने का काम किया। उनके साथ ताशिंगा मुशेकिवा भी क्रीज पर खड़े रहे। दोनों ने क्रमशः नाबाद 20 और 21 रन बनाकर ज़िम्बाब्वे को 5 विकेट से जीत दिला दी।












Click it and Unblock the Notifications