बतौर ओपनर Rohit Sharma ने किया कमाल, 15 हजार रन बनाने वाले बने तीसरे भारतीय, नंबर-1 पर है ये दिग्गज
Sri Lanka vs India 1st ODI Rohit Sharma: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा टी-20 वर्ल्ड कप के बाद एक बार फिर से मैदान पर जलवा बिखेरते नजर आए। श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे मैच में रोहित शर्मा ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ने में कामयाबी हासिल की।
रोहित ने पूरे किए 15000 रन
श्रीलंका के खिलाफ वनडे मैच में रोहित शर्मा ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रोहित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर ओपनर 15,000 रन बनाने वाले दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। यह उपलब्धि रोहित ने 3 मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में हासिल किया।

टॉप पर हैं वीरेंद्र सहवाग
रोहित शर्मा का बतौर ओपनर साल 2013 में अपना सफर शुरू किया था। तब से उन्होंने लगातार भारत के लिए कई बड़ी पारियां खेली हैं। इस लिस्ट में नंबर एक पर वीरेंद्र सहवाग हैं, जिनके नाम 16 हजार से अधिक रन हैं। वहीं दूसरे स्थान पर महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं। सचिन तेंदुलकर के नाम ओपनर के तौर पर सबसे तेज 15,000 रन बनाने का रिकॉर्ड है।
2013 में मिली थी ओपनिंग की जिम्मेदारी
साल 2013 में बतौर ओपनर शुरुआत करने के बाद से रोहित शर्मा ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने इस दौरान कई रिकॉर्ड और उपलब्धियां अपने नाम दर्ज की है। रोहित शर्मा ने एक महीने से भी अधिक समय बाद मैदान पर वापसी की है। चैंपियंस ट्रॉफी से पहले रोहित शर्मा वनडे में लगातार बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे।
भारत को मिली जबरदस्त शुरुआत
कोलंबो के आर.प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 230 रन बनाए। श्रीलंका ने वेलालागे के 65 गेंदों पर नाबाद 66 रन और निशांका के 56 रनों की पारी के दम पर 50 ओवर में आठ विकेट पर 230 रन बनाए। रोहित शर्मा ने भारत को जबरदस्त शुरुआत दिलाई। हालांकि, शुभमन गिल पहले वनड में अपना प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे।












Click it and Unblock the Notifications