श्रीलंकाई टीम के प्रमुख खिलाड़ी पर हुई बड़ी कार्रवाई, सभी फॉर्मेट से किया गया सस्पेंड
श्रीलंका के ऑल राउंडर चामिका करुणारत्ने पर कड़ी कार्रवाई हुई है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने के कारण उनको एक साल के लिए सस्पेंड कर दिया है। श्रीलंका क्रिकेट ने बताया कि करुणारत्ने को निलंबित करने के अलावा 5 हज़ार अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लगाया गया है। पांच सदस्यीय जांच पैनल ने इस ऑल राउंडर को कई धाराओं का उल्लंघन करते पाया। इसके बाद बोर्ड ने यह कार्रवाई की है।

अपने बयान में श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने कहा "श्री करुणारत्ने द्वारा किए गए उल्लंघनों की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए, जांच पैनल ने अपनी रिपोर्ट के द्वारा एसएलसी की कार्यकारी समिति को सिफारिश की है कि इस खिलाड़ी को आगे उल्लंघन से रोकने के लिए कड़ी चेतावनी दी जाए और ऐसी सजा दी जाए जिसका असर उनके करियर पर न पड़े। जांच पैनल की सिफारिशों के बाद एसएलसी की कार्यकारी समिति ने क्रिकेट के सभी रूपों में उनके ऊपर एक साल का प्रतिबंध लगा दिया है।
ऑल राउंडर को दी गई चेतावनी
जांच पैनल की रिपोर्ट के बाद करुणारत्ने के ऊपर बैन लगाने का निर्णय लेने के अलावा उनको भविष्य में किसी भी तरह के नियम का उल्लंघन नहीं करने के लिए कहा गया और चेतावनी दी गई। ऑस्ट्रेलिया में समाप्त हुए टी20 वर्ल्ड कप के दौरान उन्होंने अनुबंध शर्तों का उल्लंघन किया था। हालांकि बोर्ड ने यह खुलासा नहीं किया कि करुणारत्ने ने नियमों के खिलाफ जाकर कौन से काम किये थे।
टी20 वर्ल्ड कप में खेले थे करुणारत्ने
गौरतलब है कि करुणारत्ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में समाप्त हुए टी20 वर्ल्ड कप में खेले थे। उनको 7 मुकाबले खेलने का मौका मिला था। इस दौरान उन्होंने 3 विकेट झटके थे। बल्लेबाजी में उनको कम ही मौके मिले थे इसलिए कोई प्रभाव नहीं डाल पाए। हालांकि गेंदबाजी में भी उनके प्रदर्शन को बेहतरीन नहीं कहा जा सकता है। श्रीलंकाई टीम नॉक आउट दौर से पहले टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। हालांकि एशिया कप में श्रीलंका की जीत में करुणारत्ने का भी कुछ योगदान रहा था। अफगानिस्तान से हार के बाद पिछड़कर श्रीलंका ने बेहतरीन वापसी करते हुए टूर्नामेंट जीता था।












Click it and Unblock the Notifications