IND vs SL: दीप्ति और रेणुका की गेंदबाजी के आगे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई श्रीलंकाई टीम, 171 पर ऑलआउट
कोलंबो, जुलाई 01। श्रीलंका के पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने श्रीलंकाई टीम को 171 के स्कोर पर रोक दिया है। रेणुका सिंह और दीप्ति शर्मा की घातक गेंदबाजी के आगे श्रीलंकाई बल्लेबाज 50 ओवर भी बल्लेबाजी नहीं कर पाए और सिर्फ 48.2 ओवर में 171 रन ही स्कोरबोर्ड पर टांग पाए। श्रीलंका की ओर से ओपनर बल्लेबाज हसीनी परेरा ने 37 और निलाक्षी डि सिल्वा ने सबसे अधिक 46 रनों की पारी खेली।

दीप्ति और रेणुका ने लिए सबसे अधिक विकेट
वहीं भारत की ओर से रेणुका सिंह और दीप्ति शर्मा ने सबसे अधिक 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि राजेश्वरी गायकवाड़, हरमनप्रीत कौर और पूजा वस्त्राकर ने 1-1 विकेट लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और कप्तान चमारी अथापथु महज 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। भारतीय कप्तान ने दीप्ति शर्मा और रेणुका सिंह का ऐसा मिश्रण गेंदबाजी पर लगाया कि 7वें ओवर में श्रीलंका को दूसरा झटका लग गया। 50 रन से पहले श्रीलंका की दो प्लेयर पवेलियन जा चुकी थी।
कप्तान का विकेट गिरने के बाद पूरी श्रीलंकाई टीम क्रीज पर जगह पक्की करने के लिए संघर्ष करती हुई नजर आई। भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंकाई बल्लेबाजो को बांधे रखा और बड़े शॉट नहीं खेलने दिए। श्रीलंकाई टीम ने 100 रन का आंकड़ा 28 ओवर में पार किया और तब तक 5 खिलाड़ी भी आउट हो चुके थे।
श्रीलंका ने अब भारत को 172 रन का लक्ष्य दिया है, जिसकी तरफ भारतीय टीम आसानी से बढ़ रही है। खबर लिखे जाने तक टीम इंडिया का स्कोर 25.2 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 123 था और जीत के लिए 49 रन चाहिए थे।












Click it and Unblock the Notifications