SRH vs MI: 'वो भी उतने ही पैसे ले रहा है', ईशान किशन के आउट पर मचा बवाल, वीरेंद्र सहवाग ने भी जताई नाराजगी
आईपीएल 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की परेशानियां थमने का नाम नहीं ले रहीं। मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ खेले गए मैच में न सिर्फ टीम को छठी हार झेलनी पड़ी, बल्कि ईशान किशन की एक अजीबो-गरीब हरकत ने सभी को चौंका दिया। बिना आउट हुए ही पवेलियन लौट जाना किसी भी प्रोफेशनल मैच में कम ही देखने को मिलता है, और इस फैसले पर पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने भी नाराजगी जताई।
पहली ही गेंद पर बिना अपील लौटे ईशान
मैच की तीसरी ओवर की पहली गेंद पर ईशान किशन ने दीपक चाहर की लेग-साइड गेंद को खेलने की कोशिश की, लेकिन सही कनेक्ट नहीं कर पाए। न गेंदबाज़ ने अपील की, न विकेटकीपर ने, फिर भी ईशान सीधे चलते बने। बाद में रिप्ले में साफ दिखा कि बल्ला तो दूर, उनके शरीर का कोई भी हिस्सा गेंद से नहीं टच हुआ था।

सहवाग का तगड़ा कमेंट: 'रुक तो जाता!'
क्रिकबज से बातचीत में वीरेंद्र सहवाग ने इसे 'ब्रेन फेड' यानी दिमागी झटका करार दिया और कहा कि ईशान को कम से कम रुककर अंपायर के फैसले का इंतजार करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि, 'उसे रुकना चाहिए था। अंपायर भी पैसा लेता है, उसे भी अपना काम करने देना चाहिए।'
सहवाग ने कहा कि, 'कई बार आपका दिमाग काम नहीं करता, मेरे हिसाब से ईशान किशन का उस समय दिमाग काम नहीं किया। लेकिन अंपायर को आउट तो देने दे, वो खड़ा है वो भी उतने ही पैसे ले रहा है। फ्री में खड़ा हो तो समझ आता है कि आपने उसकी मदद कर दी, लेकिन उसको भी अच्छी खासी मैच फीस मिल रही है, तो उसको उसका काम करने दे। सहवाग ने कहा कि ये ईमानदारी मुझे समझ नहीं आई।
न फॉर्म चल रही, न डिसीजन मेकिंग
ईशान किशन की फॉर्म इस सीजन में लगातार गिरती जा रही है। पहले मैच में शतक लगाने के बाद वे लगातार फ्लॉप रहे हैं। अब इस तरह का फैसला उनकी बैटिंग पर और दबाव बढ़ा रहा है। एक ओर टीम रन के लिए जूझ रही थी, वहीं ईशान की ये 'ईमानदारी' मैच की टेंशन और बढ़ा गई।
हैदराबाद का हाल बेहाल, अगली टक्कर चेन्नई से
सनराइजर्स हैदराबाद इस हार के बाद 8 में से 6 मुकाबले हार चुकी है और अंक तालिका में 9वें स्थान पर बनी हुई है। टीम अब 25 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ेगी, और अब उनके लिए हर मैच 'करो या मरो' जैसा हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications