SRH vs LSG: आवेश खान ने तोड़ा हैदराबाद की जीत का सपना, 18वें ओवर में बदल दिया मैच
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 12वां मैच डीवाई पाटिल स्टेडियम पर सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम के बीच खेला गया, जहां पर केन विलियमसन की कप्तानी वाली हैदराबाद की टीम आखिरकार जीत की राह पर लौटती नजर आ रही थी लेकिन आवेश खान के 18वें ओवर ने मैच को बदल दिया और जीत की तरफ बढ़ रही हैदराबाद की टीम को लगातार दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा है। पिछले 10 मैचों की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को सिर्फ एक ही जीत मिली है, जबकि पिछले 9 मैचों में मिली यह पहली जीत है। सनराइजर्स हैदराबाद के लिये इस सीजन का आगाज भी अच्छा नहीं हुआ था और रनों का पीछा करते हुए हारने वाली पहली टीम बनी थी।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम ने निर्धारित 20 ओवर्स में 7 विकेट खोकर 169 रनों का स्कोर खड़ा किया था, जिसका पीछा करते हुए हैदराबाद की टीम 9 विकेट खोकर 157 रन ही बना सकी और लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम ने 12 रनों से मैच को अपने नाम कर लिया। हैदराबाद की टीम इस मैच में भी जीत का खाता नहीं खोल सकी।
और पढ़ें: SRH vs LSG: राहुल-हुड्डा ने अर्धशतक ठोंक कराई लखनऊ की वापसी, हैदराबाद के पास जीत का मौका

सुंदर ने दिलायी अच्छी शुरुआत
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने इस मैच में वाशिंगटन सुंदर को लेकर वो गलतियां नहीं की जो उसने पिछले मैच में की थी। पिछले मैच में केन विलियमसन ने सुंदर को पावरप्ले में गेंदबाजी का मौका नहीं दिया था और न ही बल्लेबाजी के लिये ऊपर भेजा था, हालांकि इस मैच में उन्होंने उनका इस्तेमाल पावरप्ले में भी किया और बल्लेबाजी के लिये भी छठे नंबर पर भेजा था। वाशिंगटन सुंदर ने हैदराबाद को अच्छी शुरुआत दिलाते हुए पावरप्ले में 3 ओवर फेंककर सिर्फ 11 रन दिये और 2 विकेट अपने नाम किये, जिसकी वजह से लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम पावरप्ले में 2 विकेट खोकर 32 रन ही बना सकी थी।

राहुल-हुड्डा ने करायी लखनऊ की वापसी
हालांकि पावरप्ले के बाद लखनऊ सुपरजाएंटस के लिये कप्तान केएल राहुल (68) और दीपक हुड्डा (51) ने पारी को संभालते हुए चौथे विकेट के लिये 87 रनों की साझेदारी कर डाली और अपने-अपने अर्धशतक पूरे किये। जहां दीपक हुड्डा ने पहली बार आईपीएल के किसी सीजन में अर्धशतक लगाने का कारनामा किया तो वहीं पर केएल राहुल ने अपने आईपीएल करियर का 28वां अर्धशतक जड़ा। इसके बाद आयुष बदौनी ने 19 रनों की पारी खेलकर टीम के स्कोर को 169 पर पहुंचा दिया और जीत के लिये 170 का टारगेट दिया।

हैदराबाद ने की बल्लेबाजी में खराब शुरुआत
रनों का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं थी और उसने कप्तान केन विलियमसन (16) का विकेट महज 25 रन के स्कोर पर खो दिया, जबकि अभिषेक शर्मा (13) 38 रन के स्कोर पर वापस पवेलियन लौट गये। यहां पर एडेन मार्करम (12) और राहुल त्रिपाठी (44) ने पारी को संभालने का काम किया और 44 रनों की साझेदारी कर डाली लेकिन क्रुणाल पांड्या ने पहले मार्करम और फिर राहुल त्रिपाठी का विकेट लेकर अपनी टीम की वापसी करा दी।

आवेश खान के ओवर में बदला मैच
यहां से निकोलस पूरन (34) और वाशिंगटन सुंदर ने पारी को आगे बढ़ाने का काम किया और 48 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। पूरन बड़ा शॉट लगाने की कोशिश कर रहे थे लेकिन 18वें ओवर में आवेश खान की गेंद पर कैच थमाकर वापस लौट गये। जबकि अब्दुल समद अगली ही गेंद पर आउट हो गये। आखिरी 2 ओवर में जीत के लिये हैदराबाद की टीम को 26 रन की दरकार थी लेकिन शेफर्ड के छक्के की बदौलत हैदराबाद सिर्फ 10 रन बटोर सकी और आखिरी ओवर में जीत के लिये उसे 16 रन की दरकार रह गई।

होल्डर ने आखिरी ओवर में 3 रन देकर झटके 3 विकेट
जेसन होल्डर पारी का आखिरी ओवर करने आये जिसमें उन्हें जीत के लिये 16 रन बचाने की दरकार थी। होल्डर ने अपने ओवर की पहली ही गेंद पर सुंदर का विकेट हासिल किया और हैदराबाद की उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया। जिसके बाद उन्होंने चौथी गेंद पर भुवनेश्वर कुमार और आखिरी गेंद पर शेफर्ड का विकेट लेकर अपनी टीम को 12 विकेट से जीत दिला दी। लखनऊ के लिये आवेश खान (4 ओवर 24 रन, 4 विकेट), जेसन होल्डर (4 ओवर 34 रन, 3 विकेट) और क्रुणाल पांड्या (4 ओवर 27 रन, 2 विकेट) ने शानदार गेंदबाजी के दम पर मैच बचाने का काम किया।












Click it and Unblock the Notifications