महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची दक्षिण अफ्रीका, रोमांचक मैच में इंग्लैंड को 6 रन से धोया
दक्षिण अफ्रीका ने महिला टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली है। रविवार को फाइनल में दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा।

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप के दोनों फाइनलिस्ट आखिर तय हो गए हैं। शुक्रवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को 6 रन से मात देकर एक बड़ा उलटफेर कर दिया। इस शानदार जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका की टीम ने फाइनल में जगह बना ली है। अब रविवार को होने वाले फाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा। आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले सेमीफाइनल में भारत को हराकर पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है।
दक्षिण अफ्रीका ने बनाए थे 164 रन
आज खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इंग्लैंड की दावेदारी फाइनल के मजबूत नजर आ रही थी, लेकिन एक रोमांचक मैच में मेजबान दक्षिण अफ्रीका ने शानदार जीत दर्ज की। आपको बता दें कि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए थे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से तजमिन ब्रिट्स ने सबसे अधिक 68 रन की पारी खेली थी। ओपनर वोल्वारडट ने भी 44 गेंदों में 55 रन की पारी खेली थी। आखिर में मरिजाने कैप ने 13 गेंदों में 27 रन की विस्फोटक पारी खेली थी।
इंग्लैंड बना पाई 158 रन
165 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 158 रन ही बना पाई। इंग्लैंड की ओर से नताली स्कीवर ने सर्वाधिक 40 रन बनाए। वहीं मेजबान टीम की ओर से अयाबोंगा खाका (4/29) सबसे सफल गेंदबाज रहीं। इंग्लैंड को शुरुआत तो अच्छी मिली थी, लेकिन मिडिल ऑर्डर और फिर डेथ ओवर्स में इंग्लैंड की ओर से अच्छी बल्लेबाजी हीं हो सकी। पहले विकेट के लिए व्याट और डंकले के बीच 53 रन की साझेदारी हुई थी।
उसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हुआ और 100 रन के अंदर इंग्लैंड की तीन बल्लेबाज आउट हो गईं थी। इसके बाद अनुभवी हीथर नाइट और स्कीवर (40) ने टीम को संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 35 गेंदों में 47 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद इंग्लैंड की ओर से कोई बल्लेबाज जीत के लिए संघर्ष करता नहीं दिखा।












Click it and Unblock the Notifications