शुभमन गिल रच देंगे श्रीलंका में इतिहास, निशाने पर ऐसा रिकॉर्ड जो रोहित-कोहली भी नहीं बना सके
Shubman Gill: भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज शुभमन गिल के लिए सिर्फ कप्तानी की अग्निपरीक्षा नहीं होगी। गॉल में उतरते ही भारतीय कप्तान की नजर एक ऐसे रिकॉर्ड पर भी होगी, जिसे अब तक कोई भारतीय बल्लेबाज हासिल नहीं कर पाया है।
दो मैचों की इस सीरीज में गिल के बल्ले से 157 रन निकलते ही उनका नाम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में दर्ज हो जाएगा। यह एक ऐसा कीर्तिमान होने वाला है, जिसे विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी हासिल नहीं कर पाए थे।

गिल फिलहाल वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप में 2843 रन बना चुके हैं। ऐसे में 3000 रनों के आंकड़े तक पहुंचने के लिए उन्हें 157 रनों की जरूरत है। अगर वह श्रीलंका के खिलाफ यह आंकड़ा पार कर लेते हैं तो वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप में 3000 रन बनाने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे। 26 साल की उम्र में यह उपलब्धि उनके टेस्ट करियर के लिए शानदार होगी।
भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो टेस्ट चैम्पियनशिप में रन बनाने के मामले में गिल फिलहाल सबसे आगे हैं। ऋषभ पंत ने 2780 रन बनाए हैं, जबकि रोहित शर्मा के नाम 2716 रन हैं। विराट कोहली 2617 रन के साथ इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। रवींद्र जडेजा का नाम पांचवें स्थान पर आता है, उन्होंने ने अब तक 2610 रन बनाए हैं।
रोहित के क्लब में शामिल होने का मौका
गिल के पास इस सीरीज में एक और खास रिकॉर्ड बनाने का मौका है। मौजूदा टेस्ट चैम्पियनशिप साइकिल में अब तक 950 रन बनाए हैं। श्रीलंका के खिलाफ सिर्फ 50 रन और बनाते ही वह एक वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के एक चक्र में 1000 रन पूरे करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। इससे पहले सिर्फ रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और अजिंक्य रहाणे ही ऐसा कारनामा कर पाए थे।
रूट के नाम सर्वाधिक रनों का रिकॉर्ड
वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के एक चक्र के दौरान कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के जो रूट के नाम है। उन्होंने 2019-21 के चक्र में इंग्लैंड की कप्तानी करते हुए 1660 रन बनाए थे। भारत से इस लिस्ट में कोई कप्तान नहीं है, गिल की नजर इस कीर्तिमान के ऊपर जरूर होगी।


Click it and Unblock the Notifications
