World Cup 2023: शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में कौन होगा रोहित शर्मा का ओपनिंग पार्टनर? ये खिलाड़ी हैं दावेदार
Shubman Gill Dengue Positive: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व कप के शुरुआती मैच से पहले भारतीय टीम की चिंताएं बढ़ गई हैं, क्योंकि इन-फॉर्म बल्लेबाज शुभमन गिल डेंगू का शिकार हो चुके हैं। ऐसे में अब इस बल्लेबाज का रविवार के मैच में खेलना संदिग्ध है। ऐसे में अगर गिल मैदान पर नहीं उतर पाते हैं तो बड़ा सवाल यह होगा कि टीम इंडिया के लिए इस मैच में ओपनिंग कौन करेगा?
दरअसल, वनडे में भारत के सबसे शानदार बल्लेबाज गिल कथित तौर पर तेज बुखार से पीड़ित हैं और इस मामले पर अंतिम फैसला लेने से पहले शुक्रवार को उनका डेंगू के लिए टेस्ट किया जाएगा। टीम के घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि, 'चेन्नई में उतरने के बाद से शुभमन को तेज बुखार है, जिसके बाद से उनके टेस्ट किए जा रहे हैं।

शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में कौन करेगा ओपनिंग?
गिल के बाहर होने की स्थिति में ईशान किशन या फिर केएल राहुल ओपनिंग के लिए लाइन में हो सकते हैं। इन दोनों में से कोई एक रोहित शर्मा के साथ इस महत्वपूर्ण मैच में ओपन कर सकता है। ईशान किशन इसलिए ओपनिंग कर सकते हैं, क्योंकि वह मुख्य रूप से ओपनर हैं, फिलहाल, उनकी जगह मिडिल ऑर्डर में है, और केएल राहुल इस लिए दावेदार हो सकते हैं, क्योंकि उन्होंने एशिया कप में वापसी के बाद शानदार प्रदर्शन किया है।
टीम इंडिया को लग सकता है बड़ा झटका
गिल ने इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार दोहरा शतक लगाया था। वेस्टइंडीज दौरे के दौरान मामूली गिरावट को छोड़कर, उन्होंने अविश्वसनीय निरंतरता दिखाई है। वह इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में 890 रनों के साथ अग्रणी रन-स्कोरर थे।
गिल एशिया कप में 302 रनों के साथ बल्लेबाजी चार्ट में टॉप पर रहे। पिछली कुछ पारियों में उनका स्कोर 104, 74, 27*, 121, 19, 58 और 67* रहा है। ऐसे में शुरुआती मैच से गिल का बाहर होना टीम इंडिया के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications