'विराट से अधिक प्रतिभाशाली हैं लेकिन..,' वर्ल्ड कप से पहले रोहित की कप्तानी पर पाकिस्तानी दिग्गज ने उठाए सवाल
Asia Cup 2023: एशिया कप के तहत इंडिया का पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ 2 सितंबर को श्रीलंका के कैंडी में खेला जाएगा। पीसीबी के हाईब्रिड मॉडल (Hybrid model) के तहत खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में भारत का दूसरा ग्रुप मैच नेपाल के खिलाफ 4 सितंबर को खेला जाएगा। इस बीच पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर ने एमएस धोनी और राहित शर्मा की कप्तानी का आलोचनात्मक मूल्यांकन किया है।
पूर्व तेज गेंदबाज ने एक साक्षात्कार में बताया कि धोनी की तरह भारतीय कप्तानों में संयम की कमी के कारण पिछले 10 वर्षों में भारतीय टीम एक और आईसीसी ट्रॉफी जीतने में असफल रही है। उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा कप्तान रोहित एक महान खिलाड़ी हैं, लेकिन वह दबाव में चिंतित हो जाते हैं और इसलिए उन्हें कभी भी टीम का लीडर नहीं बनना चाहिए।

शोएब अख्तर ने की एमएस धोनी की प्रशंसा
अख्तर ने कहा कि, 'एक समय एक ऐसा व्यक्ति था जो पूरी टीम का दबाव अपने ऊपर ले लेता था, और वह धोनी थे।' केवल एक कप्तान ही अपने पीछे पूरी टीम की रक्षा कर सकता है। रोहित एक महान व्यक्ति हैं, लेकिन कप्तानी के दौरान वह लड़खड़ा जाते हैं, घबरा जाते हैं। ये कठोर शब्द हो सकते हैं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि उन्हें कप्तानी संभालनी चाहिए थी।'
कोहली की तुलना में रोहित को बताया अधिक आक्रामक बल्लेबाज
पाकिस्तान के दिग्गज ने स्वीकार किया कि रोहित शर्मा, कोहली की तुलना में अधिक आक्रामक बल्लेबाज हैं, लेकिन उन्हें मैच में महत्वपूर्ण क्षणों में निर्णय लेने की उनकी क्षमताओं पर संदेह है और उन्हें लगता है कि 36 वर्षीय को अपनी कप्तानी के बारे में भी आत्म-आलोचनात्मक होना चाहिए।
अख्तर ने आगे कहा कि, 'यहां तक कि विराट कोहली भी उनके जितने प्रतिभाशाली नहीं हैं। उसके पास जो टाइमिंग है और जो शॉट्स वह खेल सकता है। वह एक क्लासिकल बल्लेबाज है- लेकिन क्या वह कप्तानी के लिए बना था? मैं ज्यादातर समय खुद से सवाल करता हूं। क्या वह अधिकांश गंभीर परिस्थितियों में अच्छी प्रतिक्रिया देता है? उन्हें भी इस पर सवाल उठाना चाहिए।'
कोहली की कप्तानी में भारत 2019 वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचा, 2021 टी20 विश्व कप में ग्रुप-स्टेज से बाहर हुआ और 2017 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ हार गया। रोहित ने 2022 की शुरुआत में सभी फॉर्मेट की कमान संभाली और तब से 27 मैचों में 20 जीत के साथ एकदिवसीय मैचों में 74.07 का जीत प्रतिशत दर्ज किया है। हालाँकि, इस दौड़ में 2022 विश्व टी20 में सेमीफाइनल से बाहर होना भी शामिल था।
48 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा कि, 'इसमें कोई शक नहीं कि वह (रोहित) इस विश्व कप को जीतने की क्षमता रखते हैं, क्योंकि उनके पीछे घरेलू दर्शक हैं, उनके पीछे टीम और उनकी प्रतिभा है। मुझे गलत साबित करो, हर किसी को गलत साबित करो- मुझे यकीन है कि उसमें ऐसा करने की क्षमता है। लेकिन, मुझे लगता है कि 2013 के बाद से भारत की कप्तानी कमजोर हो गई है, यहां तक कि कोहली के नेतृत्व में भी।












Click it and Unblock the Notifications