'बेटा मुझे मां कहकर बुला लो', शोएब अख्तर ने सुनाया लता मंगेशकर से जुड़ा किस्सा
कराची। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने दिग्गज गायिका लता मंगेशकर के हालिया निधन के बाद मुंबई में रहने के दौरान उनसे मिलने की अपनी यादों को याद किया है। लता मंगेशकर के पार्थिव शरीर को रविवार शाम मुंबई के शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ भगवान के चरणों में साैंपा गया। लता को भारत की कोकिला कहा जाता था, जिन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित पुरस्कार जीते थे।
यह भी पढ़ें- गंभीर बीमारी से जूझ रहा देश का 'हीरो' लिंबा, नहीं भूल पाया हार का गम

फोन पर हुई थी बात
उन्हें सबसे महान गायिकाओं में से एक माना जाता है और उन्होंने भारत रत्न, पद्म भूषण, पद्म विभूषण, दादा साहब फाल्के पुरस्कार और कई राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों सहित कई पुरस्कार जीते हैं। छह फरवरी को उनकी माैत की खबर से पूरा देश वास्तव में टूट गया था और देश की सबसे सम्मानित महिलाओं में से एक को सम्मान देने के लिए कई प्रसिद्ध अभिनेता अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे थे। अख्तर, जिन्होंने हाल ही में लीजेंड्स लीग क्रिकेट 2022 के उद्घाटन संस्करण में हिस्सा लिया था, ने मंगेशकर के साथ फोन पर हुई बातचीत का खुलासा किया और बताया था कि वह उनसे मिलने की इच्छा पूरी नहीं कर सके। उन्होंने 2016 में मुंबई में रहने के बावजूद उनसे नहीं मिल पाने का अफसोस जताया और फोन पर हुई बातचीत का खुलासा किया जहां तेज गेंदबाज को मंगेशकर को 'मां' कहने के लिए कहा गया था।

सुनाया पूरा किस्सा
अपने यू ट्यूब चैनल पर बोलते हुए अख्तर ने कहा, "2016 में जब मैं हिंदुस्तान में काम कर रहा था, तो उस दाैरान मैंने लता जी के साथ फोन पर बात की थी। मैंने उनको सलाम अर्ज किया और बड़ी खूबसूरत आवाज से उन्होंने मुझे जवाब भी दिया। उन्होंने कहा कि आप बेटा कैसे हो। मैंने आगे कहा कि लता जी मैं ठीक हूं। तो वह बोलीं की बेटा मुझे मां कहकर बुला लो तो ज्यादा बेहतर लगेगा। तो मैंने उन्हें कहा कि मैं आपको मां कहकर बुला लेता हूं। मैंने पूछा- मां आप कैसी हैं। सेहत कैसी है आपकी। उन्होंने कहा कि मैंने बेटा बहुत मैच देखे। सचिन और आपके बहुत सारे मैच देखे। मैं क्रिकेट की फैन थी। मैं आपको जानती हूं आप बहुत अग्रेसिव हो। बहुत अच्छा खेलते थे। बड़ा गुस्सा करते थे।''

काश मैं उनसे मिल पाता
अख्तर ने कहा, ''मैंने उनसे कहा कि मां जी मैं आपसे मिलना चाहता हूं और मैं ये माैका गंवाना नहीं चाहता क्योंकि मैं अभी मुंबई में हूं। उन्होंने कहा कि बेटा जरूर आना और मैंने तुमसे मिलकर बहुत बातें करनी हैं। मैं अभी नवरात्रि के व्रत रख रही हूं। उसके बात मिलते हैं तो अच्छा होगा। तो मैंने कहा कि मैं तो तब तक चला जाऊंगा। दोबारा जब आऊंगा तो जरूर मिलूंगा।'' हालांकि अख्तर ने आगे बोलते हुए इस बात का दुख जताया कि फिर लता जी से कोई मुलाकात नहीं हो सकी। उन्हें दुख है कि वह इतनी बड़ी हस्ती के साथ नहीं मिल सके, जिन्होंने इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ा काम किया है। उन्होंने कहा, ''काश मैं उनसे मिल पाता। मैं बेताब था, उनसे मिलता बैठता, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।''












Click it and Unblock the Notifications