World Cup 2023 के लिए शिखर धवन ने खास अंदाज में टीम इंडिया को दीं शुभकामनाएं, भावुक हुए फैंस
ODI World Cup 2023: वर्ल्ड कप 2023 के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो चुका है। उम्मीद थी कि शिखर धवन को भी स्क्वॉड में शामिल किया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बीसीसीआई के चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने जब पांच सितंबर को 15 सदस्य टीम का ऐलान किया तो धवन का नाम न होने से फैंस को काफी निराशा हुई। इस बीच धवन ने टूर्नामेंट से पहले खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।
अनुभवी सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने आगामी वनडे विश्व कप 2023 के लिए भारत की टीम में चुने गए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। धवन, जिन्होंने भारत के लिए वनडे विश्व कप के पिछले दो सीजन में खेला था, इस बार टीम में जगह बनाने में असफल रहे।

धवन ने टीम के साथियों और दोस्तों को दी बधाई
धवन ने अपने साथियों के लिए खास अंदाज में शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने लिखा, 'वर्ल्ड कप 2023 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुने गए मेरे टीम के साथियों और दोस्तों को बधाई! 1.5 अरब लोगों की प्रार्थनाओं और समर्थन के साथ, आप हमारी आशाओं और सपनों को आगे बढ़ाएं। उम्मीद है कि आप वर्ल्ड कप को घर वापस ला सकते हैं और हमें गौरवान्वित कर सकते हैं! पूरी कोशिश करो, टीम इंडिया!'
दरअसल, शुभमन गिल के प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद से धवन को इस साल वनडे टीम में अपनी जगह पाने के लिए संघर्ष करना पड़ा है। धवन ने आखिरी बार भारत के लिए पिछले साल दिसंबर में खेला था, जिसके बाद टीम ने रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करने के लिए युवा गिल को मौका देने का फैसला किया और ईशान किशन को बैकअप ओपनर के रूप में चुना।
एशियाई खेलों में भी धवन को नहीं मिली जगह
बाएं हाथ के खिलाड़ी को एशियाई खेलों की टीम में भी नहीं चुना गया, जहां ऋतुराज गायकवाड़ युवा भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगे। हाल ही में धवन ने कहा कि वह युवा खिलाड़ियों को टीम में चुनने की चयनकर्ताओं की विचार प्रक्रिया को स्वीकार करते हैं।
धवन ने पीटीआई से बातचीत के दौरान कहा कि, 'जब मेरा नाम वहां (एशियाई खेलों के लिए) नहीं था, तो मैं थोड़ा चौंक गया था। लेकिन, फिर, मुझे ऐसा लगा कि उनकी विचार प्रक्रिया अलग है, आपको बस इसे स्वीकार करना होगा। खुशी है कि ऋतु गायकवाड़ टीम का नेतृत्व करेंगे। सभी युवा लड़के वहां हैं, मुझे यकीन है कि वे अच्छा प्रदर्शन करेंगे।'












Click it and Unblock the Notifications