अक्षय कुमार और रणवीर सिंह 'गब्बर' की पहली पसंद, जताई ये बड़ी इच्छा, क्या होगी पूरी?
Shikhar Dhawan Retirement News: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी शिखर धवन ने एक भावुक वीडियो मैसेज के ज़रिए अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। उन्होंने अपने फैंस, परिवार और कोचों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उनके करियर के दौरान उनका अटूट समर्थन किया। धवन ने आखिरी बार दो साल पहले भारत के लिए खेला था और तीनों फॉर्मेट में देश का प्रतिनिधित्व करने के बाद संन्यास ले लिया।
क्या धवन पर बनेगी बायोपिक
रिटायरमेंट के बाद हिंदुस्तान टाइम्स को दिए गए एक इंटरव्यू में धवन से उनके जीवन पर बनने वाली बायोपिक के लिए संभावित एक्टरों के बारे में पूछा गया। उन्होंने बताया कि वे खुद की भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं, लेकिन उन्होंने अक्षय कुमार और रणवीर सिंह का नाम सुझाया। उन्होंने कहा कि मैं अपना बायोपिक पसंद करूंगा, अगर इसे अच्छे से बनाया जाए।

अक्षय कुमार और रणवीर सिंह का लिया नाम
जहां तक इसमें अभिनय करने की बात है, तो मैं इसे खुशी-खुशी करूंगा। जहां तक अन्य अभिनेताओं की बात है, तो मैं चाहूंगा कि अक्षय पाजी (अक्षय कुमार) इसे करें, या रणवीर सिंह भी, क्योंकि ये दोनों ही कमाल के एक्टर हैं।
ऐसा रहा है करियर
शिखर धवन ने साल 2010 में विशाखापत्तनम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे मैच के दौरान अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। अपने करियर के दौरान उन्होंने भारत के लिए 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 टी20 मैच खेले। उनका सबसे महत्वपूर्ण योगदान वनडे में रहा, जहां उन्होंने 44.11 की औसत से 6793 रन बनाए। टेस्ट में उन्होंने 40.61 की औसत से 2315 रन बनाए।
संन्यास के बाद क्या करेंगे धवन
शिखर धवन ने ट्विटर पर लिखा कि मैं अपनी क्रिकेट यात्रा के इस अध्याय को समाप्त कर रहा हूं, मैं अपने साथ अनगिनत यादें लेकर जा रहा हूं। प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद! जय हिंद। क्रिकेट से परे भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछे जाने पर धवन ने राजनीति सहित नए रास्ते तलाशने का संकेत दिया। वह रिटायरमेंट के बाद मिलने वाले विभिन्न अवसरों के लिए तैयार हैं।












Click it and Unblock the Notifications