Birthday Spl: टूटा परिवार, बिखरा प्यार फिर भी बरकरार है 'गब्बर' की मुस्कान, रियल लाइफ के असली हीरो हैं धवन
Shikhar Dhawan Birthday Special: आज यानी शुक्रवार 5 दिसंबर को भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। मैदान पर 'गब्बर' के नाम से मशहूर शिखर ने अपनी पर्सनल लाइफ में कई उतार-चढ़ाव का सामना किया है। इसके बावजूद उनके चेहरे की मुस्कान हमेशा बनी रही है। वह सोशल मीडिया पर फनी वीडियो शेयर कर खुद के साथ-साथ अपने फैंस को भी हंसाने का काम बखूबी करते रहे हैं।
8 साल बाद पत्नी से हुआ तलाक (Shikhar Dhawan Birthday Special)
शिखर धवन और मेलबर्न की किकबॉक्सर आयशा मुखर्जी ने साल 2012 में शादी की थी। यह आयशा की दूसरी शादी थी और उनके पहले से दो बेटियां थीं। 2014 में इस कपल को एक बेटा हुआ, जिसका नाम ज़ोरावर है। लगभग आठ साल के वैवाहिक जीवन के बाद यह कपल 2021 में अलग हो गया। यह अलगाव शिखर के लिए बेहद पीड़ादायक रहा। अक्टूबर 2023 में दिल्ली की एक अदालत ने शिखर को आयशा से आधिकारिक रूप से तलाक दे दिया, जिसमें अदालत ने मानसिक क्रूरता को तलाक का आधार माना।

बेटे को लेकर कई बार इमोशनल हुए हैं गब्बर
इस तलाक का सबसे मुश्किल हिस्सा रहा बेटे जोरावर की कस्टडी उसके मां के पास होना। तलाक के बाद अब ज़ोरावर अपनी मां आयशा के साथ ऑस्ट्रेलिया में रहते हैं। शिखर ने कई बार सार्वजनिक रूप से अपने बेटे से लंबे समय तक न मिल पाने और सोशल मीडिया पर ब्लॉक किए जाने का दर्द शेयर किया है। अदालत ने उन्हें मिलने का अधिकार दिया है, लेकिन उनसे संपर्क बना रहना अब भी मुश्किल है।
शिखर धवन को मिला दूसरा प्यार
तलाक के बाद शिखर धवन ने अपने जीवन में फिर से प्यार को जगह दी है। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो वह अब आयरलैंड की एक पेशेवर महिला सोफी शाइन के साथ रिश्ते में हैं। सोफी शाइन अबू धाबी में रहती हैं और एक अमेरिकी वित्तीय सेवा फर्म में 'सेकंड वाइस प्रेसिडेंट प्रोडक्ट कंसल्टेंट' के पद पर कार्यरत हैं। दोनों की मुलाकात यूएई में हुई थी। शिखर ने 1 मई, 2025 को सोफी के साथ अपने रिश्ते को 'इंस्टाग्राम ऑफिशियल' कर दिया, एक पोस्ट में उन्हें "माई लव" कहकर संबोधित किया।
धवन और सोफी शाइन को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत और बांग्लादेश के मैच समेत कई इवेंट्स में देखा गया है। वे अक्सर सोशल मीडिया पर रील्स और पोस्ट भी शेयर करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications