IPL 2022 : मुंबई के खिलाफ गरजे 'गब्बर' सुरेश रैना को पछाड़ बने नंबर-वन

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के 23वें मैच में पंजाब किंग्स के ओपनर शिखर धवन के बल्ले से रन बरसते दिखे। धवन ने 50 गेंदों में 70 रनों की पारी खेली, जिसमें 6 चाैके व 2 दनदनाते छक्के शामिल रहे। इसी के साथ धवन ने एक खास मामले में सुरेश रैना को पीछे छोड़ दिया है, जो चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व खिलाड़ी थे। शिखर धवन सुरेश रैना को पछाड़कर मुंबई इंडियंस के खिलाफ सर्वकालिक सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
यह भी पढ़ें- रोहित ने T20 क्रिकेट में पूरे किए 10 हजार रन, लगा चुके हैं इतने चाैके-छक्के

मुंबई के खिलाफ बनाए सबसे ज्यादा रन
धवन ने बुधवार को पारी की शुरुआत की और उन्हें रैना से आगे निकलने के लिए सिर्फ 24 रनों की जरूरत थी जिसे उन्होंने आसानी से पूरा कर लिया। धवन ने अब मुंबई इंडियंस के खिलाफ 27 पारियों में 871 रन बना लिए हैं जबकि रैना ने 34 पारियों में सात अर्धशतक की बदौलत 824 रन बनाए हैं। वहीं एबी डिविलियर्स पांच बार के चैंपियन मुंबई के खिलाफ 24 पारियों में 785 रन बनाने वाले तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।

बनने वाले हैं 6 हजारी
इसके अलावा धवन आईपीएल में 6 हजार रन पूरे करने के भी काफी नजदीक हैं। 36 वर्षीय पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाज धवन आईपीएल में 6000 रन तक पहुंचने के लिए विराट कोहली के बाद दूसरे बल्लेबाज बनने से 19 रन कम रह गए। धवन के नाम अभी 196 पारियों में 5891 रन है। वहीं कोहली 204 पारियों में 6390 रन के साथ आईपीएल में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
हालांकि धवन ने आईपीएल में अर्धशतकों की संख्या के मामले में कोहली को काफी पछाड़ दिया है। धवन का यह 45वां अर्धशतक था, जबकि कोहली ने 42 अर्धशतक लगाए हैं। धवन इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। अर्धशतकों के मालमे में पहले स्थान पर दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे डेविड वार्नर हैं, जिन्होंने 50 अर्धशतक बनाए हैं।

अर्धशतक के सूखे को किया खत्म
इसके अलावा धवन ने अर्धशतक के सूखे का अंत भी कर दिया क्योंकि यह 13 पारियों में उनका पहला अर्धशतक था। उन्होंने कप्तान मयंक अग्रवाल के साथ पहले विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की, जो सिर्फ 57 गेंदों में आई। धवन ने अग्रवाल के आउट होने के बाद तेज बैटिंग की और पंजाब ने 5 विकेट खोकर 198 रन बनाए। जितेश ने पंजाब की पारी केवल 15 गेंदों में 30 रन बनाकर समाप्त की, जबकि शाहरुख ने केवल 6 गेंदों में 15 रन बनाए। इस जोड़ी ने 46 रनों की असाधारण साझेदारी की जो पांचवें विकेट के लिए सिर्फ 16 गेंदों में आई।












Click it and Unblock the Notifications