Shaun Pollock 50th Birthday: दुनिया के सबसे 'अंडररेटेड' ऑलराउंडर, जिनके आगे महान हरफनमौला भी भरते हैं पानी
Happy Birthday Shaun Pollock: क्रिकेट की दुनिया में जब बेहतर ऑलराउंडर तलाश करने की जद्दोजहद लगातार जारी है और बीते कल के महानतम ऑलराउंडर की मिसाल दी जाती है; तो एक नाम अक्सर मिसिंग हो जाता है।
वह नाम हैं, दक्षिण अफ्रीका के महान क्रिकेटर शॉन पोलाक का; जो आज अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं। क्रिकेट की दुनिया के महानतम ऑलराउंडरों में सबसे अंडररेटेड खिलाड़ी को खुद अपने ही हमवतन जैक कैलिस से बड़ी चुनौती मिलती है।

ऑलराउंडरों में सारी महानता कैलिस ही बटोर ले जाते हैं। बाकि बची शोहरत गैरी सोबर्स, इयान बाथम, कपिल देव, इमरान खान जैसे खिलाड़ी बटोर ले जाते हैं। लेकिन, शॉन पोलॉक ने चुपचाप अपने सारे काम किए। 90 के दशक में उभरा यह क्रिकेट का सितारा सटीक लाइन लेंथ के मामले में ग्लेन मैकग्रा से कम नहीं था।
पोलाक ने 108 टेस्ट मैचों में सिर्फ 23.12 की औसत के साथ 421 विकेट चटकाए। वनडे में उन्होंने 303 मैचों में 24.51 के औसत और 3.68 के जबरदस्त इकोनमी रेट के साथ 393 विकेट हासिल किए।
बल्लेबाजी में उन्हें कभी बहुत गंभीरता से लिया ही नहीं गया; लेकिन इतने जबरदस्त गेंदबाजी रिकॉर्ड के बाद भी पोलाक ने टेस्ट क्रिकेट में 32.32 के बढ़िया औसत के साथ 3781 रन भी बनाए। इस दौरान उन्होंने 26.6 के औसत के साथ 3519 रन बनाए और इन रनों की एक खासियत है उनका स्ट्राइक रेट जो करीब 87 का है।
तब टी20 का जमाना नहीं था और वनडे क्रिकेट को बहुत आराम आराम से खेला जाता था। उस समय आक्रामक बल्लेबाजी करने वालों में गिने-चुने नाम थे और जिनके स्ट्राइक रेट 80-85 के आस पास होते थे, उनका बल्लेबाजी औसत कम ही होता था। ऐसे में पोलाक के ये आंकड़े निचले क्रम के विशुद्ध बल्लेबाज के तौर पर भी सटीक बैठते हैं।
ये भी पढ़ें- विंबलडन में पहली बार 'अनसीड' खिलाड़ी ने जीता महिला सिंगल्स फाइनल, जानें क्या होता है ये 'सीड' सिस्टम
पोलाक एकमात्र ऐसे ऑलराउंडर हैं जिन्होंने क्रिकेट के इतिहास में वनडे और टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी में 25 से ऊपर और गेंदबाजी में 25 से नीचे का औसत रखा है। इनके अलावा कोई और आलराउंडर यह रिकॉर्ड हासिल ही नहीं कर पाया है।आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं कि हम दुनिया के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर में पोलाक का नाम भूल जाते हैं।
शॉन पोलॉक दक्षिण अफ्रीका के सबसे ज्यादा विकेट टेस्ट विकेट लेने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं। उनसे ज्यादा विकेट केवल डेल स्टेन ने लिए हैं। वे आईसीसी के 'हाल ऑफ फेम' भी रह चुके हैं। भले ही पोलाक के करियर की शुरुआत जितनी जबरदस्त हुई थी; भले ही अंजाम उतना महान नहीं रहा, लेकिन पोलार्ड ने जो मानक स्थापित किए, वह आज भी हासिल करने इतने आसान नहीं है।
पोलाक ने कुल मिलाकर दक्षिण अफ्रीका के लिए 823 विकेट लिए हैं जो प्रोटियाज के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल विकेट हैं। हम 400 टेस्ट विकेट लेने वाले पहले दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज के 50वें जन्म पर ढेर सारी बधाई देते हैं।












Click it and Unblock the Notifications