पाकिस्तान-अफगानिस्तान के दर्शकों में अब नहीं होगा झगड़ा, शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में किये ऐसे इंतजाम
Pakistan vs Afghanistan: यूएई में एशिया कप खेला जाएगा, इससे पहले पाकिस्तानी टीम वहां त्रिकोणीय सीरीज खेलने वाली है, इससे एशिया कप में भी मदद मिलेगी। अफगानिस्तान, यूएई के साथ मिलकर पाक टीम वहां त्रिकोणीय सीरीज खेलेगी। हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा है।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तीव्र स्पर्धा देखने को मिलती है। दोनों देशों के दर्शक और खिलाड़ी भी स्टेडियम में भिड़ चुके हैं। 2022 के एशिया कप में कुछ ऐसा ही देखने को मिला था। उस समय भी इवेंट यूएई में ही खेला गया था और माहौल गर्म था।

इस तरह के टकराव को रोकने के लिए शारजाह में कुछ कदम उठाए गए हैं। यह याद रखना जरूरी है कि शारजाह में पाकिस्तान और अफगानिस्तान दोनों देशों के लोग काफी रहते हैं। शारजाह की ऑथोरिटी ने कुछ कदम उठाए हैं, ताकि फैन्स के बीच कोई झगड़ा नहीं हो।
शारजाह प्रशासन ने किये इंतजाम
अप्रिय घटनाओं से बचने के लिए शारजाह प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। क्रिकेट पाकिस्तान की एक रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के फैंस के लिए अलग-अलग स्टैंड और प्रवेश द्वार तय किए गए हैं, ताकि किसी तरह की टकराव की स्थिति न बने। त्रिकोणीय सीरीज़ 29 अगस्त से शुरू होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 7 सितंबर को खेला जाएगा।
इस इवेंट की समाप्ति के बाद एशिया कप का आगाज होना है, जो 9 सितम्बर से शुरू हो जाएगा। इसमें भारतीय टीम भी हिस्सा लेगी। भारतीय टीम को पाकिस्तान के साथ रखा गया है। ग्रुप में अन्य टीमें यूएई और ओमान हैं। दूसरे ग्रुप में श्रीलंका, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और हांगकांग की टीमों को शामिल किया गया है।
भारत-पाक मैच काफी अहम
सबसे अहम मैच भारत और पाकिस्तान का माना जा सकता है। इन दोनों टीमों के मैचों को करोड़ों लोग देखते हैं और स्टेडियम में मुकाबला देखने के लिए टिकट तक नहीं मिलते हैं। इस बार भारत-पाक मैच 14 सितम्बर को दुबई में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications