'CEO से है अच्छा है प्रेसीडेंट बनना', 'नायक' बनने के लिए शाकिब ने मांग ली BCB में टॉप पोस्ट
बॉलीवुड मूवी नायक ने बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन पर भी गहरा प्रभाव छोड़ा है। उनका कहना है कि वे भी दो महीने में बांग्लादेश प्रीमियर लीग में सब कुछ सही कर देंगे।

शाकिब अल हसन के करियर पर एक नजर डालें तो लगता है वे एक ऐसे पड़ाव पर आ चुके हैं जहां से आगे बढ़ना उनके लिए संभव नहीं दिखता। वे एक ऑलराउंडर के तौर पर अपना बेस्ट समय पीछे छोड़ आए हैं। इतिहास में बांग्लादेश के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक शाकिब के पास आज भी वो क्लास जरूर बरकरार है जिस वजह से वे इस समय आईसीसी की वनडे और टी20 रैंकिंग के टॉप ऑलराउंडर हैं। टेस्ट में भी वे इस मामले में नंबर तीन पर हैं लेकिन बीते सालों में हम उनको एक खिलाड़ी के प्रदर्शन के तौर पर कम बल्कि एक विवादित क्रिकेटर के तौर पर ज्यादा जानते हैं।
कई बार ऐसा लगता है उम्र का एक पड़ाव भी दुनिया में दुर्लभ में भी दुर्लभतम खिलाड़ी से ही मात खा पाता है वर्ना सभी को 35 की लपेट में अपने खेल को वही स्तर बनाए रखने में दिक्कत आती है। जेम्स एंडरसन यहां पर अपवाद हैं और इसी वजह से वे शायद इस पैमाने पर सबसे महान हैं। वे करियर की शुरुआत में वैसे बॉलर नहीं थे जैसे आज हैं। ये ऐसी उम्र है जहां खिलाड़ी खेल से हटकर भी दुनिया को देखने लगता है जैसे कोहली ने अपने परिवार को देखना शुरू कर दिया है। तो वहीं शाकिब फिर से ऐसी बातें कर रहे हैं जो बांग्लादेश बोर्ड को ज्यादा पसंद नहीं आएं।
बांग्लादेश क्रिकेट का सबसे बड़ा चेहरा 35 वर्षीय शाकिब ने हाल ही में कहा था बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) के मानकों में सुधार कर सकते हैं। शाकिब ने इसके लिए बॉलीवुड की चर्चित फिल्म नायक का संदर्भ भी दिया। यह फिल्म सिनेमाहॉल में तो पिटी थी लेकिन टीवी पर ब्लॉकबस्टर रही थी। बहुत लोगों ने इसे देखा और सराहा। इसी तरह की बात बोलते हुए शाकिब ने संवाददाताओं से कहा, "अगर उन्होंने मुझे बीपीएल सीईओ बनाया, तो मुझे सब कुछ ठीक करने में एक या दो महीने लगेंगे। आपने नायक फिल्म देखी है ना? यदि आप कुछ करना चाहते हैं, तो आप इसे एक दिन में कर सकते हैं।"
शाकिब का मानना है बीपीएल में सुधार की काफी गुंजाइश है। उन्होंने कहा, "मैं खिलाड़ियों का ड्राफ्ट और नीलामी (समय पर) करूंगा और खाली समय के दौरान बीपीएल कराऊंगा। हमारे पास सभी आधुनिक तकनीकें होंगी। मैचों का बढ़िया क्वालिटी में प्रसारण हर जगह होगा।"
अब शाकिब के इस दावे पर नायक फिल्म जैसी ही बात हो गई जहां अनिल कपूर को बातों ही बातों में अमरीश पुरी मिनिस्टर की कुर्सी संभालने का ऑफर दे देते हैं। ऐसे ही शाकिब को बीपीएल गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष शेख सोहेल ने जिम्मेदारी लेने के लिए कहा। सोहेल ने कहा, "मैं शाकिब का स्वागत करता हूं अगर वह बीपीएल के सीईओ के रूप में आना चाहते हैं। उन्होंने रुचि दिखाई है। हम गवर्निंग काउंसिल से उनका स्वागत करते हैं। अगर वह चाहें तो आ सकते हैं और सीईओ के रूप में जिम्मेदारी ले सकते हैं।"
ये बात यही नहीं रुकी क्योंकि पत्रकारों से बात करते हुए, शाकिब ने कहा कि उनको बनना ही है तो CEO क्यों बनेंगे बल्कि सीधे बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष ही बनेंगे। उन्होंने कहा, CEO होने से बढ़िया है प्रेसीडेंट ही बन जाऊं।
हाल ही में शाकिब एक बीपीएल मैच के दौरान सुर्खियों में आ गए थे। वे एक मैच के दौरान अंपायर के फैसले से खुश नहीं थे। वे अंपायर पर ही चिल्ला पड़े। 2021 में भी, ढाका प्रीमियर लीग में शाकिब ने अंपायरों के साथ बहस करते हुए स्टंप्स को लात मारी थी। शाकिब से इस तरह के बागी तेवर कई मौकों पर देखे गए हैं जहां बाद में उनको माफी भी मांगनी पड़ती है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications