Rajdhani Express Fire: गहरी नींद में थे यात्री और धू-धू कर जल उठा B-1 कोच, किसने देवदूत बनकर बचाई सबकी जान?
Rajdhani Express fire: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते आग का पता चल गया, वरना एक बड़ी त्रासदी हो सकती थी। घटना के वक्त ट्रेन की रफ्तार और समय, दोनों ही बेहद संवेदनशील थे। आइए जानते हैं इस पूरी घटना का घटनाक्रम क्या रहा?
दरअसल, हादसा रविवार सुबह करीब 5:15 बजे हुआ, जब ट्रेन नंबर 12431 राजधानी एक्सप्रेस कोटा मंडल के लुनी ऋचा (LNR) और विक्रमगढ़ आलोट (VMA) स्टेशनों के बीच से गुजर रही थी। उस समय कोच में सवार सभी 68 यात्री गहरी नींद में थे। अचानक धुआं और लपटें उठती देख ट्रेन के गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका गया।

कौन-कौन से कोच आए आग की चपेट में?
वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक (Sr. DCM) सौरभ जैन के अनुसार, आग सबसे पहले ट्रेन के पिछले हिस्से में स्थित SLR (सीटिंग कम लगेज रेक) और उसके बगल वाले B-1 कोच में लगी। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप ले लिया। रेलवे स्टाफ ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा और प्रभावित कोचों को ट्रेन के बाकी हिस्सों से अलग कर दिया ताकि आग आगे न फैले।
15 मिनट में खाली कराया गया कोच
आग की सूचना मिलते ही सुरक्षा के मद्देनजर ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) सप्लाई काट दी गई। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और ऑनबोर्ड स्टाफ ने महज 15 मिनट के भीतर पूरे कोच को खाली करा लिया। एहतियात के तौर पर बगल के कोचों को भी खाली कराया गया। इस त्वरित कार्रवाई का परिणाम रहा कि किसी भी यात्री या रेलवे कर्मचारी को कोई चोट नहीं आई और जान-माल का बड़ा नुकसान टल गया।
कोटा से बुलाए गए अतिरिक्त कोच
घटना की जानकारी मिलते ही डीआरएम अनिल कालरा सहित वरिष्ठ अधिकारी, दमकल की तीन गाड़ियां और एम्बुलेंस मौके पर पहुंचे। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद, प्रभावित यात्रियों के लिए कोटा से अतिरिक्त कोच मंगवाए गए हैं। इस हादसे के कारण दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर यातायात बाधित हुआ और करीब 5 से 6 ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है। रेलवे ने यात्रियों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 जारी किया है।
पश्चिम मध्य रेलवे के CPRO हर्षित श्रीवास्तव का बयान
दो हफ्ते में दूसरी घटना
हैरानी की बात यह है कि पिछले दो हफ्तों में यह दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले 15 मई को हैदराबाद-जयपुर स्पेशल एक्सप्रेस के दो एसी कोचों में भी आग लग गई थी। फिलहाल, राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे ने मामले की हाई लेवल जांच के आदेश दिए हैं और टेक्निकल टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई और तकनीकी खराबी थी।













Click it and Unblock the Notifications