IND vs PAK: 'दोस्ती बाहर रहनी चाहिए...,' गौतम गंभीर की नसीहत पर शाहिद अफरीदी ने दिया दो टूक जवाब
Asia Cup 2023: एशिया कप 2023 का तीसरा मैच भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया, जोकि बारिश के कारण बेनतीजा रहा। इस दौरान श्रीलंका के पल्लेकेल अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में भारतीय और पाकिस्तानी खिलाड़ी एक-दूसरे के साथ दोस्ताना बातचीत करते देखे गए। इस बातचीत को लेकर पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर की प्रतिक्रिया पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने बड़ा बयान दिया है।
दरअसल, मिड-गेम शो के दौरान स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत में गंभीर ने कहा कि, 'भारतीय टीम 140 करोड़ लोगों का प्रतिनिधित्व कर रही है। जब आप अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए मैदान पर खेलते हैं, तो आपको दोस्ती को बाउंड्री के बाहर छोड़ देना चाहिए। खेल का सामना करना जरूरी है। दोस्ती बाहर रहनी चाहिए।'

उन्होंने कहा कि, 'दोनों टीम के खिलाड़ियों की आंखों में आक्रामकता दिखनी चाहिए।' 'क्रिकेट के उन छह या सात घंटों के बाद आप जितना चाहें उतना दोस्ती निभा सकते हैं। वे घंटे बहुत महत्वपूर्ण होते हैं, क्योंकि आप सिर्फ अपना प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे हैं, आप एक अरब से अधिक लोगों के देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।'
पूर्व क्रिकेटर की इस प्रतिक्रिया पर अब पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने कहा है कि वह गौतम गंभीर की विचारधारा से सहमत नहीं हैं। अफरीदी ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि, 'यह उनका विचार है। मैं अलग तरह से सोचता हूं। हम क्रिकेटर और एंबेसडर भी हैं, हमारे सभी के दुनिया भर में फैंस हैं। इसलिए प्यार और सम्मान का संदेश देना बेहतर है। हां, मैदान पर आक्रामकता होती, लेकिन मैदान के बाहर भी यही जिंदगी है।'
एशिया कप में कब होगा भारत-पाकिस्तान का मैच
श्रीलंका में एशिया कप के सुपर 4 मुकाबले में भारतीय टीम रविवार को एक बार फिर पाकिस्तान से भिड़ेगी। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला आर प्रेमदासा स्टेडियम (R.Premadasa Stadium, Colombo) में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications