संजू सैमसन और राजस्थान रॉयल्स के बीच दरार? टीम मीटिंग से अलग खड़े दिखाई दिए कप्तान, जमकर वायरल हो रहा VIDEO
आईपीएल 2025 के एक हाई-वोल्टेज मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सुपर ओवर में मिली हार के बाद राजस्थान रॉयल्स के ड्रेसिंग रूम का माहौल अब सुर्खियों में है। कप्तान संजू सैमसन (Sanju Samson) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह सुपर ओवर से ठीक पहले टीम मीटिंग से अलग-थलग खड़े नजर आते हैं। फैंस के बीच अब इस बात को लेकर चर्चा तेज हो गई है कि क्या टीम में सबकुछ ठीक नहीं है?
मैच फुटेज में राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid), सपोर्ट स्टाफ साईराज बहुतुले समेत पूरी टीम एक हडल में नजर आती है, लेकिन संजू सैमसन उस सर्कल से बाहर एक किनारे खड़े दिखाई देते हैं।

टीम में दरार के संकेत
वीडियो में एक खिलाड़ी उन्हें कुछ कहते हुए भी दिखता है, लेकिन सैमसन जवाब दिए बिना वहां से चले जाते हैं। यह व्यवहार सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है- कई यूजर्स ने इसे 'टीम में दरार' की ओर संकेत माना है, तो कुछ ने इसे कप्तान का 'फोकस मोमेंट' बताया है।
मैच का फैसला सुपर ओवर में हुआ, जहां दोनों टीमें 188 रन बनाकर बराबरी पर थीं। सुपर ओवर के लिए राजस्थान ने बल्लेबाजी में शिमरोन हेटमायर (Shimron Hetmyer), रियान पराग (Riyan Parag) और यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) को भेजा गया।
हैरानी की बात ये रही कि उस दिन 51 रन की तेज पारी खेलने वाले नितीश राणा (Nitish Rana) को इस क्रंच मोमेंट में बाहर बैठा दिया गया। सुपर ओवर में राजस्थान रॉयल्स सिर्फ 11 रन ही बना सकी और दिल्ली कैपिटल्स ने यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।
राणा ने क्या कहा फैसले पर?
पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में नितीश राणा ने यह साफ किया कि यह फैसला टीम मैनेजमेंट का था। उन्होंने कहा कि, 'यह एक इंसान का फैसला नहीं होता। टीम मैनेजमेंट और सपोर्ट स्टाफ मिलकर यह तय करते हैं। अगर हम जीत जाते तो यह सवाल नहीं पूछा जाता। हेटमायर हमारे फिनिशर हैं और कई बार उन्होंने साबित किया है।'
तो क्या वाकई टीम में सबकुछ ठीक नहीं?
राणा के इस बयान ने यह भी संकेत दे दिया कि मैदान पर निर्णय लेने की जिम्मेदारी कप्तान अकेले की नहीं होती। जहां एक ओर सैमसन का टीम मीटिंग से अलग होना शक की नजर से देखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कुछ एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह केवल मैच की टेंशन हो सकती है। सैमसन को मैच के दौरान रिटायर्ड हर्ट भी होना पड़ा था, जब उन्होंने 19 गेंदों में 31 रन बनाए। संभव है कि वह उस दौरान दर्द में हों या अपनी बैटिंग को लेकर चिंतित हों।
फैंस बोले- 'कुछ तो गड़बड़ है'
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो पर कई यूज़र्स का कहना है कि कप्तान का इस तरह टीम हडल से दूर रहना सामान्य नहीं है। ट्विटर पर एक यूज़र ने लिखा- 'अगर यही बात विराट कोहली के साथ होती तो अब तक पूरे क्रिकेट जगत में तूफान आ गया होता।'
कोई भी फैसला लेना होगी जल्दबाजी
भले ही कुछ विजुअल्स यह दर्शाएं कि टीम में सबकुछ ठीक नहीं, लेकिन IPL जैसे टूर्नामेंट में दबाव और भावनाएं कई बार व्यवहार में झलक जाती हैं। फैसलों को लेकर सवाल जरूर उठे हैं, लेकिन यह कहना जल्दबाज़ी होगी कि संजू सैमसन और टीम मैनेजमेंट के बीच कोई विवाद है। असली तस्वीर आने वाले मैचों में साफ हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications