संजू सैमसन ने पंत को मारा ताना, कहा- अपने साथियों पर भरोसा करना जरूरी है

नई दिल्ली। दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान राॅयल्स के बीच शुक्रवार हुए आईपीएल 2022 के 34वें मुकाबले में जो नो बाॅल का ड्रामा देखने को मिला, उसने सबको हैरानी में कर दिया। जो मैच रोमांचक बना था वो अचानक बड़े विवाद में बदल गया। आखिरी ओवर में दिल्ली को जीत के लिए 36 रनों की जरूरत थी। रावमैन पाॅवेल ने शुरूआती तीन गेंदों पर छक्के लगा दिए। लेकिन तीसरी गेंद बल्लेबाज की कमर से ऊपर जा रही थी जो नो बाॅल थी, लेकिन मैदानी अंपायर ने इसे नजरअंदाज किया जिसके बाद दिल्ली के कप्तान रिषभ पंत ने बल्लेबाजों को मैदान छोड़ने के लिए कहा। वहीं मैच समाप्ति के बाद राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने पंत को ताना मारते हुए कहा कि कप्तान को अपने साथियों पर भरोसा करना चाहिए।
यह भी पढ़ें- हार के बाद अंपायर पर फूटा ऋषभ पंत का गुस्सा, बोले- हमारे साथ सही नहीं हुआ

यह फुलटॉस गेंद थी
संजू ने पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ''यह फुलटॉस गेंद थी और बल्लेबाज चाहता था कि इसे नो बॉल दिया जाए, लेकिन अंपायर ने नहीं दी। हम अपने गेंदबाज मैककॉय के आसपास रहना चाहते थे और उसके चेहरे पर मुस्कान लाना चाहते थे क्योंकि लगातार तीन छक्के लगाने के बाद किसी गेंदबाज के लिए पूरा ओवर निकालना फिर आसान नहीं होता। हम योजना को बदलना चाहते थे। ऐसे में हमने गेंदबाज को राहत देने के लिए कुछ समय लिया।''

साथियों पर भरोसा करना जरूरी है
उन्होंने आगे कहा, ''आखिरी मैच हमारे लिए मुश्किल रहा था और यह मैच भी क्योंकि पॉवेल ने छक्के लगाए। शांत रहना और अपने साथियों पर भरोसा करना जरूरी है। आपको अपने आप को उसी अंदाज में लाने की जरूरत है।'' जब उनसे लगातार टाॅस हारने के बारे में पूछा गया तो संजू ने कहा, ''टॉस के बारे में कुछ नहीं कह सकते। टॉस हारना काम कर रहा है, इसलिए हम उसी पर टिके रहना चाहेंगे। आप ऐसा मत सोचिए कि बहुत ओस थी, लेकिन हमारे गेंदबाजों के पास इन परिस्थितियों में गेंदबाजी करने का बहुत अनुभव है। अश्विन और चहल अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। हम दोनों का समर्थन करते रहेंगे। कैच छोड़ना सामान्य बात है, मैंने भी पिछले मैच में एक कैच छोड़ा था। मैंने टीम मीटिंग में खिलाड़ियों को बताया कि इससे कैसे उबरें। वहीं जोस बटलर काफी अच्छा खेल रहे हैं।''

पंत को गुस्सा करना पड़ा महंगा
बता दें कि नो बाॅल ना मिलने पर पंत को गुस्सा करना महंगा पड़ गया। उन्होंने सहायक कोच प्रवीण आमरे को भी मैदान पर अंपायर से बात करने के लिए भेज दिया था। पंत मैच को वहीं खत्म करना चाहते थे, लेकिन शेन वाॅटसन फिर उनके पास आए, जिन्होंने समझाया कि यह खेल भावना के खिलाफ है। इसके बाद फिर जब मैच शुरू हुआ तो दिल्ली आखिरी तीन गेंदों पर 18 रन नहीं बना सकी। राजस्थान ने यह मैच 15 रन से जीता। वहीं बीसीसीआई ने पंत की मैच की 100 फीसदी फीस काट ली। साथ ही कोच प्रवीण आमरे पर उनकी मैच फीस का पूरा 100 फीसदी जुर्माना लगा है।












Click it and Unblock the Notifications