Surya V/S Sanju: वनडे में सूर्या को बहुत देख लिया,अब संजू को लाओ
सूर्यकुमार यादव वनडे फॉर्मेट में लगातार फ्लॉप हो रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार दो वनडे मैचों में वो गोल्डन डक का शिकार हुए हैं।

ये वनडे है ! सूर्या को देख लिया, अब संजू सैमसन को लाओ। ऐसे कंडिशन में संजू बेस्ट बैटर हैं। सूर्या टी-20 में नम्बर एक हो सकते हैं लेकिन वनडे में नहीं। 0 के बाद 0, वह भी पहली गेंद पर एलबीडब्ल्यू, ये कैसे चलेगा ? अभी तो श्रेयस अय्यर भी नहीं है, संजू को वनडे में लाओ। सोशल मीडिया पर क्रिकेट प्रशंसक ऐसी ही प्रतिक्रिया जाहिर कर रहे हैं।
संजू को मौका क्यों नहीं मिल रहा ?
टी-20 में तहलका मचाने वाले सूर्य कुमार यादव वनडे में बुरी तरह नाकाम साबित हो रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजूदा श्रृंखला में वे लगातार दो मैचों में शून्य पर आउट हुए। दोनों ही बार एक ही तरह से पगबाधा आउट हुए। दोनों ही बार मिचेल स्टार्क ने उन्हें स्विंग से गच्चा दे कर विकेट के सामने फंसाया। हैरानी की बात है कि टी-20 में जिसे 360 डिग्री बल्लेबाज कहा जाता है वह वनडे में पहली गेंद ही गेंद पर फंस गया। छक्का मारते हुए आउट होते तो कोई बात थी। लेकिन ये क्या गेंद छू भी न पाये और आउट हो गये। यानी सूर्या 144 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार वाली स्विंग को समझने में नाकाम रहे। शून्य का चश्मा पहनने के बाद सूर्य कुमार यादव को वनडे टीम से बाहर करने की मांग होने लगी है। प्रशंसक चाहते हैं कि सूर्या की जगह संजू सैमसन को अंतिम एकादश में शामिल किया जाए। संजू ने 11 वनडे में 66 की औसत से 330 रन बनाये हैं। 11 वनडे में संजू ने 15 छक्के और 25 चौके मारे हैं। उनका स्ट्राइक रेट भी सौ से ऊपर है। उनके आने से टीम इंडिया का मिडिल ऑर्डर मजबूत हो सकता है।
वनडे में संजू का औसत सूर्या से बेहतर
वनडे में संजू ने 66 की औसत से रन बनाये हैं। यानी एक वनडे में औसतन 66 रन। फिर भी वे बाहर हैं। जब कि सूर्या वनडे में 25.47 की औसत से रन बना रहे हैं और वे प्लेइंग इलेवन में खेल रहे हैं। सूर्या ने 21 एकदिवसीय मैचों में 433 रन बनाये हैं। यानी एक मैच में उनका औसतन स्कोर 25.47 रन है जो कि सूर्या से बहुत कम है। 50 ओवर के फॉरमेट में सूर्य कुमार यादव का अंतिम अर्धशतक एक साल पहले आया था। इसके बावजूद उन्हें वनडे में लगातार मौका दिया जा रहा है। जब संजू सैमसन को टीम में लेने का सवाल आता है तब भारतीय कप्तान और कोच स्ट्रैटजी का हवाला दे कर उनकी राह रोक देते हैं।
ऱणनीति के नाम पर कब तक रोकिएगा राह
नवम्बर 2022 की बात है। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में नये खिलाड़ियों को मौका देने के लिए सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया था। तब उम्मीद थी कि संजू सैमसन को खेलने का अवसर मिलेगा। इसके बाद भी संजू नहीं खेले। जब कप्तान हार्दिक पांड्या से संजू के नहीं खेलने पर सवाल किया गया तो वे भड़क गये। उन्होंने कहा था कि ये मेरी टीम है। स्ट्रैटजी के हिसाब से मुझे और कोच को जो सही लगेगा वही करेंगे। टीम को छठे गेंदबाज की जरूरत थी इसलिए दीपक हुड्डा को प्लेइंग इलेवन में लिया गया। टी-20 वर्ल्ड कप के पहले भारत ने रणनीति के नाम न जाना कितने प्रयोग किये। कप्तान बदले, ओपनर बदले, खिलाड़ी बदले लेकिन नतीजा क्या निकला ? हार ही न झेलनी पड़ी ! अब छह महीने बाद भारत में वनडे विश्वकप का आयोजन होना है तो उसके पहले फिर एक बार बल्लेबाजी की समस्या उठ खड़ी हुई है। ऐसे में क्या यह उचित नहीं है कि संजू सैमसन को वनडे में आजमा लिया जाय। लिमिटेड ओवर क्रिकेट में पिछले एक साल से संजू को प्लेइंग इलेवन में लेने की मांग हो रही है लेकिन हर बार उनकी अनदेखी की जा रही है।
केरल के लोग भी चाहते हैं कि संजू टीम इंडिया से खेलें
संजू सैमसन केरल के रहने वाले हैं। वे आइपीएल में राजस्थान रॉयल्स से खेलते हैं और टीम के कप्तान हैं। पिछले साल आइपीएल में संजू की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स की टीम फाइनल में पहुंची थी। केरल के लोग संजू सैमसन को प्रतिभावान क्रिकेटर मानते हैं। लेकिन उनको टीम ने नहीं लेने से केरल के क्रिकेट प्रशंसक बीसीसीआइ से नाराज रहते हैं। यहां तक कि केरल के कांग्रेसी सांसद शशि थरूर भी संजू को टीम में लेने की मांग करते रहे हैं। इस साल जनवरी में केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में भारत और श्रीलंका के बीच एकदिवसीय मैच खेला गया था। संजू सैमसन टीम में नहीं थे फिर भी दर्शक दीर्घा से उनके नाम का नारा लगातार गूंजता रहा। इस मैच के दौरान सूर्य कुमार यादव बाउंड्री लाइन के पास फील्डिंग कर रहे थे। सूर्या को देख कर एक दर्शक ने पूछ लिया, हमारा संजू कहां है ? सूर्या शोर में सवाल नहीं सुन सके। सूर्या ने कान लगा कर सुनने की कोशिश की तो दर्शक ने फिर सवाल दोहराया, हमारा संजू कहां है ? तब सूर्य कुमार यादव ने अपने सीने पर हाथ से दिल का आकार बना कर संकेत किया, संजू हमारे दिल में हैं। अब उन्हें टीम में लेने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications