वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू पड़ा संजू सैमसन पर भारी? मांजरेकर ने टीम इंडिया के फैसले पर उठाए सवाल
Vaibhav Sooryavanshi: भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरे टी20 मुकाबले में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने भारत के लिए डेब्यू कर इतिहास रच दिया। इस ऐतिहासिक पल के साथ ही एक और फैसला चर्चा का विषय बन गया। टीम मैनेजमेंट ने अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठाने का फैसला लिया, जिस पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने खुलकर सवाल उठाए। उनका मानना है कि युवा खिलाड़ी को मौका देना सही था, लेकिन इसके लिए संजू सैमसन को बाहर करना समझ से परे है।
संजय मांजरेकर ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने लिखा कि वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में देखकर खुशी हुई, लेकिन संजू सैमसन का नाम अंतिम एकादश में नहीं देखकर वह हैरान हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि शायद सैमसन किसी चोट के कारण बाहर हों। अगर ऐसा नहीं है तो चयन समिति और टीम प्रबंधन का यह फैसला काफी अजीब माना जाएगा। मांजरेकर ने यह सुझाव भी दिया कि अगर वैभव को मौका देना ही था तो संजू को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कराई जा सकती थी।

तीन पारियों की नाकामी भारी पड़ गई
इंग्लैंड दौरे पर संजू सैमसन अपने रंग में नजर नहीं आए। आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मुकाबलों में उनके बल्ले से सिर्फ पांच रन निकले। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी वह खाता नहीं खोल सके। लगातार तीन पारियों में असफल रहने के बाद टीम प्रबंधन ने बदलाव का रास्ता चुना और दूसरे मुकाबले में युवा वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया।
माना जा रहा है कि टीम से बाहर किए जाने के फैसले और उसके पीछे की रणनीति से संजू सैमसन को पहले ही अवगत करा दिया गया था। हालांकि भारतीय टीम प्रबंधन ने इस बदलाव को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई विस्तृत कारण नहीं बताया। शायद यही कारण था कि गौतम गंभीर ने संजू सैमसन से अलग जाकर बात की थी।
नहीं चल पाया वैभव का बल्ला
आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव सूर्यवंशी भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। हालांकि उनका पहला मुकाबला ज्यादा यादगार नहीं रहा और वह 10 गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हो गए।













Click it and Unblock the Notifications