पाक-श्रीलंका मैच से पहले दिग्गज अंपायर का निधन, वर्ल्ड क्रिकेट में पसरा मातम, 135 मैचों में की थी अंपायरिंग
वर्ल्ड क्रिकेट के लिए मंगलवार का दिन बेहद दुखद रहा है, एशिया कप और कई अन्य सीरीज इस समय चल रही है। इस बीच एक दिग्गज अंपायर का निधन होने की खबर आई है, जिससे हर किसी को झटका लगा है। इस पूर्व अंपायर का नाम डिकी बर्ड है। वह इंग्लैंड के रहने वाले थे।
अपने दो दशकों से अधिक लंबे अंपायरिंग करियर में उन्होंने 66 टेस्ट और 69 वनडे मुकाबलों में अंपायरिंग की, जिनमें पुरुषों के पहले तीन वनडे वर्ल्ड कप फाइनल भी शामिल थे। उनकी उम्र 92 साल थी। यॉर्कशायर क्रिकेट क्लब ने अपने बयान में कहा कि डिकी बर्ड ने अंतरराष्ट्रीय अंपायर के रूप में एक शानदार करियर जिया और वह खेल के इतिहास में सबसे प्रसिद्ध और लोकप्रिय अंपायरों में से एक बन गए।

डिकी बर्ड ने अपने क्रिकेट करियर में इंग्लैंड की काउंटी टीमें यॉर्कशायर और लिसेस्टरशायर का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन उन्हें असली पहचान एक अंतरराष्ट्रीय अंपायर के रूप में मिली।
घरेलू क्रिकेट में उन्होंने 93 फर्स्ट क्लास मैच खेले, जिसमें 3314 रन बनाए, साथ ही उन्होंने 2 लिस्ट ए मैच भी खेले। इसके बाद उन्होंने 1973 में अंतरराष्ट्रीय अंपायरिंग की शुरुआत की और इस भूमिका में ऐतिहासिक पहचान बनाई।
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड की तरफ से कहा गया कि डिकी एक बेहद पसंद किए जाने वाले इंसान थे, जिन्होंने अपनी सादगी और आकर्षण से सभी का सम्मान और प्यार जीता। वह एक गर्वित यॉर्कशायरवासी, एक बेहतरीन अंपायर और खिलाड़ी थे, जिन्हें खेल से गहरा लगाव था।












Click it and Unblock the Notifications