'25 साल की उम्र और 25 साल का अनुभव', फैंस से मिले बेशुमार प्यार के बाद सचिन ने लिखी भावुक पोस्ट
सचिन तेंदुलकर ने अपने 50वें जन्मदिन पर फैंस से मिले बेशुमार प्यार के बाद प्रतिक्रिया के तौर पर एक बहुत ही भावुक और प्यारा मैसेज लिखा है।

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने 24 अप्रैल को अपना 50वां बर्थडे मनाया। सचिन इस समय आईपीएल में मुंबई इंडियंस के खेमे के साथ जुड़े हुए हैं जहां वे उनके गाइडर के रोल में नजर आ रहे हैं।
खास बर्थडे- सचिन के लिए 50वां बर्थडे काफी खास रहा जहां शारजाह में उनके नाम पर एक स्टैंड का भी अनावरण हुआ तो वही उनके बेटे अर्जुन तेंदुलकर आईपीएल में डेब्यू कर चुके हैं और प्रभावित करने में कामयाब भी रहे हैं।
इसके अलावा 50वें जन्मदिन पर सचिन को फैंस ने बेशुमार प्यार दिया। उनके लिए भारी-भरकम केक काटे गए और सभी ने उनकी सलामती की दुआ की। वर्ल्ड क्रिकेट के बेस्ट बल्लेबाजों में एक सचिन ने आज यानी 27 अप्रैल को अपने फैंस के नाम कुछ शब्द लिखे हैं।
सचिन इस बात से काफी भावुक हैं कि उनको किस कदर प्यार लोगों से मिला है। उन्होंने अपने आपको 25 साल का भी बताया। सचिन ट्विटर पर पोस्ट करते हुए लिखते हैं, "मैदान में जो आप ट्रॉफी जीतते हैं, उनके साथ-साथ मैदान के बाहर जो आपकी दोस्ती होती हैं, वह आपकी जिंदगी को खास बनाती है।"
"आप सभी से बेशुमार प्यार मिलना हमेशा मेरे लिए बहुत दिली चीज रही है।आप सभी ने जो खूबसूरत फोटो, वीडियो और संदेश मुझे भेजें, उनको बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। आप सभी की शुभकामनाओं के लिए मैं धन्यवाद अदा करता हूं। मैं 50 का नहीं हूं। मैं 25 साल का हूं, जिसके पास 25 साल का एक्सपीरियंस है।"
मुंबई इंडियंस की टीम का टि्वटर हैंडल इस दौरान सचिन के लिए कहता है, "25 साल की उम्र और 25 साल का अनुभव और हमारी खुशियों के सैकड़ों सैकड़ों पल।"
सचिन के इस भावुक संदेश पर कई कमैंट्स आए हैं और सबसे इमोशनल प्रतिक्रियाएं उन लोगों की है जिन्होंने सचिन को अपने बचपन में खेलते हुए देखा। इनमें से कई लोगों ने क्रिकेट सचिन तेंदुलकर की विदाई के बाद क्रिकेट देखना छोड़ दिया था।












Click it and Unblock the Notifications