लाल फेंटे में दिखा सचिन का पारंपरिक अंदाज, जानिए किसकी शादी में पहुंचे 'गॉड ऑफ इंडियन क्रिकेट'
मुंबई, 10 अगस्त। 'गॉड ऑफ इंडियन क्रिकेट' के नाम से विख्यात सचिन तेंदुलकर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सचिन पूरे पारंपरिक अंदाज में नजर आ रहे हैं। वीडियो में उनके सिर पर फेंटा (पगड़ी ) बांधा जा रहा है। चमकीला कुर्ता पहने सचिन की मुस्कान इस वीडियो में देखते ही बनती है तो वहीं बैकग्राउंड में 'नवराई माझी' गाना बज रहा है। अब आप सोच रहे होंगे कि सचिन कौन सा इवेंट सेलिब्रेट करने जा रहे हैं।

सचिन के बड़े भाई नितिन की बेटी की शादी
दरअसल ये वीडियो सचिन के बड़े भाई नितिन की बेटी करिश्मा की शादी का है, जहां सचिन ने शिरकत की हैै, वहीं पर उन्होंने सिर पर फेंटा बांधा है। इस वीडियो को खुद सचिन ने ही शेयर किया है। वीडियो में सचिन की खुशी देखते ही बनती है। सचिन का ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर जमकर कमेंट कर रहे हैं।

सचिन रमेश तेंदुलकर मराठी ब्राह्मण हैं
आपको बता दें कि सचिन रमेश तेंदुलकर मराठी ब्राह्मण हैं । उनके पिता एक शिक्षक थे। सचिन से बड़े दो भाई और एक बहन हैं। सचिन के बड़े भाई का नाम नितिन तेंदुलकर, मझले भाई का नाम अजीत तेंदुलकर और बहन का नाम सविता तेंदुलकर हैं। सचिन क्रिकेट के अलावा अपनी पूरी फैमिली से भी बहुत प्यार करते हैं। करिश्मा उनके बड़े भाई की बेटी है। तो वहीं सचिन के करियर में उनके भाई अजीत तेंदुलकर का बहुत बड़ा हाथ रहा है।

अजीत तेंदुलकर भी बहुत अच्छे क्रिकेटर थे
अजीत तेंदुलकर भी बहुत अच्छे क्रिकेटर थे लेकिन वो समझ चुके थे कि उनके भाई में अभूतपूर्व क्षमता है और ये जानते हुए वो अपने छोटे भाई को गुरुदेव रमाकांत अचरेकर के पास लेकर गए थे, जिन्होंने सचिन जैसे नायाब हीरे को अपनी शिक्षा से निखार दिया। अजीत ने अपने भाई के लिए क्रिकेट खेलनी छोड़ दी और पूरा जीवन उसी को निखारने और संवारने में लगा दिया। ये बात सचिन ने खुद अपनी ऑटोबॉयोग्राफी में और अपने संन्यास के विदाई समारोह में कही थी।
अपने परिवार से बहुत प्यार करते हैं सचिन
अजीत के लिए सचिन उनका भाई नहीं बल्कि बच्चे जैसा था क्योंकि दोनों की उम्र में करीब दस साल का अंतर है। इस वजह से हर घड़ी वो उनके साथ होते थे। कभी मैदान के बाहर हमसाया बनकर तो कभी मैदान में दुआ बनकर वो सचिन के साथ हुआ करते थे। सचिन खुद अपने भाई को अपनी सफलता का क्रेडिट देते हैं और हमेशा कहते हैं कि उनकी वजह से ही आज मैं अपने सपनों को पूरा कर पाया।












Click it and Unblock the Notifications