सचिन तेंदुलकर की बड़ी प्रतिमा वानखेड़े स्टेडियम में लगेगी, खुद ने जगह बताई कि यहां लगाओ
सचिन तेंदुलकर का रणजी ट्रॉफी सफर वानखेड़े से ही शुरू हुआ था, इसके बाद करियर में अंतिम टेस्ट मैच भी उन्होंने वहीं खेला था।

Sachin Tendulkar picks the spot for his statue: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर अपने खेल की वजह से अब भी चर्चा में रहते हैं। वर्ल क्रिकेट में उनका एक अलग सम्मान है। धुरंधर गेंदबाजों के खिलाफ उन्होंने सहजता से बल्लेबाजी करते हुए एक अलग स्थान बनाया। फैन्स आज भी तेंदुलकर की एक झलक देखने के लिए उत्सुक रहते हैं। मुंबई से आने वाले इस खिलाड़ी ने क्रिकेट में काफी नाम कमाया और अब मुंबई क्रिकेट संघ ने भी वानखेड़े स्टेडियम में तेंदुलकर की एक बड़ी प्रतिमा लगाने का निर्णय लिया है। इसको लेकर तेंदुलकर ने ख़ुशी जताई। उन्होंने खुद उस जगह का चयन किया, जहाँ इस प्रतिमा को लगाया जाएगा।
जगह चुनने के लिए तेंदुलकर को बुलाया गया
तेंदुलकर को मुंबई क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अमोल काले ने सुबह बुलाया था। उनको अपने स्टेच्यू की जगह चुनने के लिए बुलाया गया था। उन्होंने एमसीए लाउंज से एक जगह चुनी और बता दी कि इस जगह प्रतिमा लगाई जाए। आगामी कुछ महीनों में सचिन तेंदुलकर का स्टेच्यू वानखेड़े में लगा दिया जाएगा। यह उनके और फैन्स दोनों के लिए एक सम्मान तथा ख़ुशी की बात होगी।
सचिन तेंदुलकर ने जताई ख़ुशी
न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए तेंदुलकर ने कहा कि यह एक सरप्राइज है। प्रेसिडेंट यहां हैं। मिस्टर काले और अन्य लोग हमें जॉइन करने वाले हैं। हम यहां जगह का चयन करने के लिए आए हैं। यह आइडिया मेरे साथ शेयर किया गया था और मैंने कहा कि यह तो सुखद आश्चर्य है। मेरा करियर यहाँ से ही शुरू हुआ था और यह एक सर्कल पूरा होने जैसा है।
विदाई मैच सचिन ने वानखेड़े में ही खेला था
गौरतलब है कि सचिन तेंदुलकर ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में काफी क्रिकेट खेला है। 16 साल की उम्र में भारतीय टीम में शामिल होने के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वनडे और टेस्ट दोनों में तेंदुलकर ने 10 हजार से भी ज्यादा रन हासिल किये। 24 सालों तक खेलने के बाद उनके करियर का विदाई मैच भी मुंबई में ही हुआ। वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच के साथ उन्होंने अपने करियर को अलविदा कह दिया।












Click it and Unblock the Notifications