पाकिस्तान की नीदें उड़ाने वाली दिग्गज ऑलराउंडर ने किया संन्यास का ऐलान
भारतीय महिला क्रिकेट टीम में इन दिनों मानो संन्यास का दौर चल रहा है। हाल ही में महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज (Mithali Raj) ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा था।

नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम में इन दिनों मानो संन्यास का दौर चल रहा है। हाल ही में महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज (Mithali Raj) ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा था। अब स्टार ऑलराउंडर रुमेली धर (Rumeli Dhar) ने भी क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी है। रुमेली धर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए संन्यास का ऐलान किया।

रिटारयमेंट पर लिखा इमोशनल नोट
उन्होंने लिखा- ''पश्चिम बंगाल के श्यामनगर से शुरू हुआ मेरा 23 साल लंबा क्रिकेट सफर आखिरकार खत्म होने जा रहा है। मैं क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले रही हूं। इस सफर में कई उतार-चढ़ाव सामने आए। भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेलना और 2005 के वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंचना मेरे लिए सबसे यादगार लम्हा रहा। इस सफर में कई बार चोट से मेरा करियर पटरी से भी उतरा। लेकिन, हर बार और मजबूत होकर मैंने वापसी की। मैं इस मौके पर बीसीसीआई, दोस्तों और साथी खिलाड़ियों का सहयोग के लिए उन्हें धन्यवाद देती हूं।''
View this post on Instagram

पाकिस्तान पर हमेशा भारी पड़ीं धर
38 वर्षीय बंगाल की रुमेली धर ने 2003 में भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया था। भारतीय महिला टीम के लिए उन्होंने 4 टेस्ट, 78 वनडे और 18 टी20 मैच खेले। इस दौरान टेस्ट क्रिकेट में धर ने 236 रन बनाने के अलावा 8 विकेट चटकाए। वनडे में उनके नाम पर 961 रन और 63 विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है। वहीं, फटाफट क्रिकेट में उनके बल्ले से 131 रन बनाने के अलावा 13 विकेट भी अपने नाम किए।
अपने 19 साल के इंटरनेशनल करियर में रुमेली धर ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को खूब परेशान किया। पाक के खिलाफ उन्होंने 7 वनडे मैचों में 146 की बेहतरीन औसत के साथ कुल 292 रन बनाए। खास बात तो ये रही कि 5 पारियों में उनके बल्ले से 4 अर्धशतक देखने को मिले। वनडे में उनकी सबसे बड़ी पारी नाबाद 92 रन भी पाकिस्तान के खिलाफ ही आई थी।

2005 में खेला था वर्ल्ड कप फाइनल
2005 के महिला वनडे वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने मिताली राज की कप्तानी में फाइनल तक का सफर तय किया था। फाइनल में टीम का सामना ऑस्ट्रेलिया से हुआ था और टीम को 98 रन से मिली हार का मुंह देखना पड़ा था। इस टूर्नामेंट में रुमेली धर ने शानदार प्रदर्शन किया था। 8 मैचों में अनुभवी खिलाड़ी ने 33.66 की औसत से कुल 101 रन बनाने के अलावा 3 विकेट भी अपने नाम किए थे।

2018 में खेला था आखिरी मैच
अपने हरफनमौला अंदाज से मैच का रुख बदलने वाली रुमेली धर ने भारतीय महिला टीम के लिए अपना आखिरी मुकाबला साल 2018 में खेला था। यह एक टी20 मैच था, जो उन्होंने ट्राय नेशन टी20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था, तीसरी टीम इंग्लैंड थी। इस सीरीज में भी धर की वापसी पूरे 6 साल के बाद हुई थी। अपने पूरे करियर में वह चोट के चलते काफी परेशान रहीं।












Click it and Unblock the Notifications