ENG vs IND: इंग्लैंड के खिलाफ जीत के बाद भी निराश हैं कप्तान रोहित? बताया कहां हुई बड़ी गलती
ENG vs IND: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के 29वें मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड को 100 रनों से रौंदने के बाद भी कप्तान रोहित शर्मा टीम की बल्लेबाजी से खुश नहीं दिखे। उन्होंने इस पर अब बड़ी प्रतिक्रिया दी है।
इंग्लैंड के खिलाफ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (3/32) और मोहम्मद शमी (4/22) ने गेंदबाजी का शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद कुलदीप यादव (2/24) और रवींद्र जड़ेजा (1/16) की स्पिन जोड़ी ने कमाल दिखाया, जिसके दम पर भारत ने इंग्लैंड को 34.5 ओवर में मात्र 129 रन पर समेट दिया।

रोहित शर्मा ने की गेंदबाजों की प्रशंसा
इससे पहले रोहित ने चुनौतीपूर्ण पिच पर 87 रनों की पारी खेली। भारत ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर 9 विकेट पर 229 रन बोर्ड पर लगाए। रोहित ने मैच के बाद प्रेजेंटेशन में कहा कि, 'आप ऐसा हर दिन नहीं देखते जब आप ऐसे टोटल का बचाव कर रहे होते हैं। हमारे तेज गेंदबाजों ने परिस्थितियों का बहुत अच्छी तरह से फायदा उठाया।
जब उनसे उनकी टीम की गेंदबाजी यूनिट में विविधता के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि, 'हमारे पास अच्छा संतुलन है। कुछ अच्छे स्पिनर और सीमर का अनुभव काफी काम आ रहा है। जब आपके पास ऐसी गेंदबाजी लाइन-अप है, तो यह महत्वपूर्ण है कि बल्लेबाज ऐसा टोटल बनाएं, जिसके बाद गेंदबाज अपना जादू दिखा सकें।'
रोहित शर्मा ने बल्लेबाजी को लेकर दी बड़ी प्रतिक्रिया
उन्होंने कहा कि, 'यह देखते हुए कि टूर्नामेंट हमारे लिए कैसा रहा, पहले पांच मैचों में दूसरे स्थान पर बल्लेबाजी करना और फिर हमें यहां पहले बल्लेबाजी करनी थी, हमें चुनौती मिली। हम जानते थे कि पिच में कुछ था और हमारी गेंदबाजी में अनुभव था, इसलिए हम एक अच्छे स्कोर तक पहुंचना चाहते थे।' हालांकि, रोहित ने स्वीकार किया कि उनकी टीम अपनी बल्लेबाजी पारी के दौरान कमजोर पाई गई और वे 30 रन कम बना सके।
कप्तान ने कहा कि, 'बल्लेबाजी में हम अच्छे नहीं थे। पहले पावरप्ले में तीन विकेट खोना आदर्श स्थिति नहीं है। इसके बाद आपको एक लंबी साझेदारी बनानी होती है, जो हमने की भी थी, लेकिन फिर हमने विकेट खो दिए, जिसमें मेरा विकेट भी शामिल था।' मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए रोहित ने अपनी बल्लेबाजी के बारे में कहा कि, 'पहले 10 ओवरों के बाद साझेदारी बनाना महत्वपूर्ण था। आपको सिर्फ अपने शॉट नहीं बल्कि परिस्थिति को भी ध्यान में रखना होता है।' मुझे अभी भी लगता है कि हम 20-30 रन पीछे रह गए।
निराश इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने कहा कि उनकी टीम अपनी योजनाओं पर अमल नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि, 'मुझे लगता है कि आप जिस भी रास्ते पर जाना चाहते हैं, आपको प्रतिबद्ध होना होगा। यह सब कार्यान्वयन के बारे में है। ग्राउंड फील्डिंग अच्छी थी। लेकिन जिस तरह से हमने बल्लेबाजी की हमने उसका समर्थन नहीं किया।' उन्होंने कहा कि,अभी भी खेलने के लिए बहुत कुछ है।'












Click it and Unblock the Notifications