रोहित शर्मा ही होंगे टी20 वर्ल्ड कप में भारत के कप्तान, टूर्नामेंट के 6 महीने पहले हुई बड़ी भविष्यवाणी
Rohit Sharma: अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज से रोहित शर्मा ने टीम इंडिया में वापसी की है। वह टीम को लीड करने वाले हैं। कई खिलाड़ी चोटिल हैं, ऐसे में रोहित शर्मा को वापस लाने के अलावा कोई रास्ता भी नहीं था। इस बीच रोहित शर्मा को लेकर एक भविष्यवाणी हुई है।
पूर्व भारतीय खिलाड़ी कृष्णमाचारी श्रीकांत का मानना है कि रोहित शर्मा को टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भी टीम की कमान थमाई जाएगी। वह टीम इंडिया के कप्तान होने वाले हैं। उसी को ध्यान में रखते हुए उनको वापस बुलाया गया है और वह टी20 फ़ॉर्मेट में खेलेंगे।

एक रिपोर्ट के अनुसार श्रीकांत ने कहा कि सभी संकेत यही दर्शाते हैं कि टी20 वर्ल्ड कप में टीम को लीड रोहित ही करने वाले हैं। उनको अब वापस कप्तान बनाया गया है। हार्दिक पांड्या चोटिल हैं और सूर्यकुमार यादव के साथ भी यही स्थिति है। बुमराह भी उपलब्ध नहीं हैं, जाहिर है कि रोहित ही कप्तान होंगे।
आईपीएल को लेकर श्रीकांत ने कहा कि देखो मुंबई इंडियंस का कप्तान हार्दिक पांड्या को बनाना फ्रेंचाइजी की पसंद है। टीम चयन से यह पूरी संभावना दिखती है कि टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की कप्तानी रोहित शर्मा ही करने वाले हैं। चीजें उसी तरफ आगे बढ़ रही हैं।
गौरतलब है कि अफगानिस्तान के खिलाफ टीम में रोहित शर्मा के अलावा विराट कोहली को भी शामिल किया गया है। दोनों सीनियरों की उपस्थिति टीम की प्लेइंग इलेवन में देखी जाएगी। सूर्यकुमार यादव चोटिल हैं और पांड्या के अलावा ऋतुराज गायकवाड़ भी चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
हाल ही में खेली गई दो टी20 सीरीज में भारतीय टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में थी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज के बाद दक्षिण अफ्रीका में सूर्या टीम इंडिया के कप्तान थे। ऑस्ट्रेलिया को भारत ने हराया था और दक्षिण अफ्रीका में सीरीज बराबरी पर समाप्त हुई।












Click it and Unblock the Notifications