विराट कोहली के फैसले की नहीं थी कोई हवा, रोहित शर्मा ने हैरान होकर दिया ये रिएक्शन
नई दिल्लीः भारतीय दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से अपनी कप्तानी छोड़ दी है। सबसे पहले T20 क्रिकेट का नंबर आया उसके बाद वनडे की कमान से उनको हाथ धोना पड़ा और अब उन्होंने खुद की इच्छा से टेस्ट मैचों की कप्तानी भी छोड़ दी है। कई दिग्गजों का दबी जुबान में यह भी कहना है कि विराट कोहली के पास अलग-थलग करने के बाद टेस्ट कमान को छोड़ने के अलावा कोई और चारा बचा भी नहीं था। विराट कोहली का दौर रवि शास्त्री के साथ उनकी जुगलबंदी और रोहित शर्मा के साथ कथित दरार के चलते चर्चित रहा।
Recommended Video

रोहित शर्मा हैरान-
अब ना तो रवि शास्त्री भारतीय क्रिकेट टीम के कोच है और ना ही रोहित शर्मा पहले की किसी छोटे रोल में अपना काम कर रहे हैं। रोहित को पहले ही सफेद गेंद फॉर्मेट का कप्तान बनाया जा चुका है और विराट कोहली के टेस्ट कप्तानी छोड़ने के फैसले के बाद लगता है कि कोहली एक बल्लेबाज के तौर पर और निखर कर सामने आ सकते हैं क्योंकि अब किसी तरह की कोई समस्याएं उनके कैरियर में नहीं होनी चाहिए। कोहली का टेस्ट कप्तानी छोड़ने का फैसला कई दिग्गजों को हैरान कर गया है और रोहित शर्मा भी इस कदम से पूरी तरह हैरान है। रोहित शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हैरानी व्यक्त करने वाली इमोजी को शेयर करते हुए लिखा है कि फैसला काफी हैरान करता है। लेकिन भारतीय कप्तान के तौर पर उनके सफल कार्यकाल के लिए उनको शुभकामनाएं। आगे के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।
अब रोहित शर्मा अगले टेस्ट कप्तान होंगे?
विराट कोहली के इस्तीफे के बाद क्या अब रोहित शर्मा अगले टेस्ट कप्तान होंगे? अगर बीसीसीआई पुराने तरीकों से सोचता है तो रोहित शर्मा का अगला टेस्ट कप्तान बनना तय है लेकिन यहां पर दो संभावनाएं निकलकर नजर आती है। सबसे पहले तो बीसीसीआई के चयनकर्ता देखना चाहेंगे कि वह सफेद गेंद और लाल गेंद फॉर्मेट में एक ही लीडरशिप को बरकरार रखना चाहते हैं या फिर नहीं। अगर वह भविष्य की ओर देखते हैं तो रोहित शर्मा की भी उम्र काफी ज्यादा हो चुकी है और उनके पास भी कप्तानी संभालने के लिए 2-3 साल से ज्यादा का समय नहीं है। ऐसे में चयनकर्ता केएल राहुल जैसे किसी युवा की ओर भी देख सकते हैं और ऋषभ पंत को उपकप्तान भी बनाया जा सकता है।

टेस्ट कप्तान का चयन थोड़ी पेचीदा मामला है-
लेकिन चयनकर्ता अगर सभी फॉर्मेट में एक ही लीडरशिप चाहेंगे तो रोहित शर्मा ऑटोमेटिक टेस्ट कप्तान के तौर पर सिलेक्ट हो जाएंगे। बता दें कि रोहित शर्मा ने हाल के वर्षों में ही अपने आप को एक टेस्ट ओपनर के तौर पर स्थापित किया है वह पहले लगातार टेस्ट टीम से दरकिनार किए जाते रहे हैं और अगर व कप्तान बनते हैं तो उनके करियर में मील का पत्थर साबित हो सकता है। दूसरी ओर, भारत के पूर्व क्रिकेट जगत सुनील गावस्कर भी शनिवार को कह चुके हैं कि विराट कोहली को रिप्लेस करने के लिए ऋषभ पंत एक आइडियल कैंडिडेट हो सकते हैं। ऋषभ पंत केवल 24 साल के हैं और टेस्ट क्रिकेट में बतौर बल्लेबाज वे काफी सफल भी है।

पंत और राहुल भी कतार में खड़े हैं-
गावस्कर ऋषभ पंत का उदाहरण इसलिए भी देते हैं क्योंकि दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी उन्होंने हाल के समय में काफी अच्छे से संभाली है और यह मानते हैं कि एक युवा अपनी टीम को आगे ले जा सकता है। भारत ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जो सीरीज खेली थी उसमें रोहित शर्मा अनुपस्थित थे जिसके चलते केएल राहुल को उप कप्तान बनाया गया था। कर्नाटक के बल्लेबाज ने विराट कोहली की अनुपस्थिति में दूसरा टेस्ट मैच बतौर कप्तान भी खेला था। फिलहाल भारतीय क्रिकेट टीम को आगामी टेस्ट सीरीज में श्रीलंका के खिलाफ खेलना है जो भारतीय सरजमीं पर ही होगी। यह दो टेस्ट मैचों की सीरीज है जिसका पहला मुकाबला 25 फरवरी से होगा। चयनकर्ता जल्द ही टेस्ट कप्तान की भी घोषणा कर देंगे और देखना दिलचस्प होगा कि किस खिलाड़ी को यह बड़ा सम्मान मिलता है।












Click it and Unblock the Notifications