'मुझे खुद पर ही शर्म आ रही थी, यहां सबसे ज्यादा सुसाइड होते हैं', WC जिताने वाले क्रिकेटर का बड़ा खुलासा
Robin Uthappa News: रॉबिन उथप्पा ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान क्रिकेट से जुड़ी कई बातों का जिक्र किया। रॉबिन उथप्पा ने युवराज सिंह के संन्यास लेने के पीछे के कारण को भी बताया। इसके साथ ही उन्होंने क्रिकेट के खेल में क्रिकेट किस मानसिक परिस्थितियों का सामना करते हैं उस पर भी जोर दिया। रॉबिन उथप्पा साल 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे।
क्रिकेट को लेकर बोले उथप्पा
रॉबिन उथप्पा ने लल्लन टॉप को दिए एक इंटरव्यू में क्रिकेट से जुड़ी कई बातों पर जोर दिया। उनका कहना है कि इस खेल में केवल खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि अंपायर्स और ब्रॉडकास्टर्स भी मानसिक तनाव और दबाव का सामना करते हैं। क्रिकेट, एक टीम गेम होने के बावजूद काफी हद तक व्यक्तिगत संघर्ष भी होता है, जहां खिलाड़ी खुद को साबित करने के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं।

क्रिकेटर को क्यों होता है डिप्रेशन
उथप्पा ने यह भी बताया कि इस खेल में प्रतिस्पर्धा का स्तर इतना ऊंचा होता है कि खिलाड़ी बेंच पर बैठे अन्य खिलाड़ियों से अपनी जगह को लेकर हमेशा चिंतित रहते हैं। 10-15 साल तक इस तनाव और डर के साथ खेलते-खेलते, व्यक्ति मानसिक रूप से थककर अंधेरे में चला जाता है, जो अंततः मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं की वजह बन सकता है।
'मुझे खुद पर ही शर्म आने लगी थी'
साल 2011 में अपने जीवन के एक कठिन दौर के बारे में जिक्र करते हुए रॉबिन उथप्पा ने बताया कि वे डिप्रेशन से जूझ रहे थे और आत्महत्या के विचारों तक पहुंच गए थे। इस कठिन समय में उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि वे अपने प्रियजनों पर बोझ बन गए हैं और किसी काम के नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मुझे खुद पर ही शर्म आ रही थी। एक इंसान के तौर पर मैं जैसा बन गया था मुझे शर्म आने लगी थी।
इस खेल में होता है सबसे ज्यादा सुसाइड
उथप्पा ने आगे कहा कि डिप्रेशन और सुसाइड की बात करूं तो हाल ही में ग्राहम थोर्प ने सुसाइड किया। इंडिया के पूर्व क्रिकेटर डेविड जॉनसन ने आत्महत्या की थी। सीएसके की नींव कहे जाने वाले वीबी चंद्रशेखर सर भी इसमें शामिल हैं। रॉबिन उथप्पा के मुताबिक क्रिकेट में सबसे अधिक लोग सुसाइड करते हैं। बता दें कि उथप्पा ने अपने जीवन को बेहतर बनाने के लिए दुबई में बसने का निर्णय लिया, क्योंकि बेंगलुरु के ट्रैफिक से वे परेशान हो चुके थे। वह अपनी फैमिली के साथ दुबई में रहते हैं।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications