यूसुफ पठान, बिन्नी का धमाल, रैना का शानदार डेब्यू, इंडिया ने जीता रोड सेफ्टी सीराज का पहला मुकाबला
कानपुर, 11 सितंबर: रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के 2022 सीजन की धमाकेदार शुरुआत हुई है जहां पर सुरेश रैना, स्टुअर्ट बिन्नी और यूसुफ पठान ने बेहतरीन पारियां खेलकर भारत की टीम को दक्षिण अफ्रीका के सामने जिता दिया। इंडिया लीजेंड्स की कप्तानी मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर कर रहे हैं जबकि साउथ अफ्रीका लीजेंड्स की अगुवाई जोंटी रोड्स कर रहे हैं। सीरीज के दूसरे एडिशन में इंडिया लीजेंड्स ने दक्षिण अफ्रीका के पुराने धुरंधरों को 61 रनों से मात दे दी है।

यूसुफ पठान, बिन्नी का धमाल
इंडिया लीजेंड्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जहां नमन ओझा और सचिन तेंदुलकर ओपनिंग में आए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 5.2 ओवर में 46 रन जोड़े और सचिन तेंदुलकर दक्षिण अफ्रीका के दाएं हाथ के दिग्गज बॉलर रह मखाया नतिनी की गेंद पर आउट हो गए। नमन ओझा का विकेट वान डर वाथ ने लिया और उन्होंने 21 रन बनाए।
इसके बाद हाल ही में डोमेस्टिक क्रिकेट से संन्यास लेने वाले सुरेश रैना और भारत के पूर्व दाएं हाथ के ऑलराउंडर स्टुअर्ट बिन्नी के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई।

रैना 22 गेंद पर 33 रन बनाकर आउट हुए
रैना 22 गेंद पर 33 रन बनाकर आउट हुए लेकिन इसके बाद आए युवराज सिंह कुछ खास नहीं कर सके और 8 गेंद पर 6 रन बनाकर चलते बने। इस दौरान दूसरे छोर पर बिन्नी बहुत ही धुआंधार थे और उनको अंतिम ओवरों में यूसुफ पठान का ऐसा ही साथ मिला।
इन दोनों ने आपस में तेज साझेदारी की जिसमें बिन्नी ने 42 गेंद पर नाबाद 82 रनों की पारी खेली, उन्होंने 4 छक्के लगाए। यूसुफ पठान 15 गेंद पर 35 रन बनाने में कामयाब रहे और उन्होंने 1 छक्का व चार चौके लगाए।

राहुल शर्मा ने 17 रन देकर तीन विकेट लिए
218 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका लीजेंड्स लगातार इंटरवल पर विकेट खोती रही जहां राहुल शर्मा ने 17 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि मुनाफ पटेल और प्रज्ञान ओझा ने भी दो-दो विकेट आपस में बांटे। साउथ अफ्रीका लीजेंड्स 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 156 रन ही बना सकी। जोंटी रोड्स ने सर्वाधिक 38 रनों का योगदान दिया जिसके लिए उन्होंने 27 गेंद ली और वे नॉटआउट भी रहे।

इरफान पठान भी देखने को मिले
रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के इस मुकाबले में हमें इरफान पठान भी देखने को मिले। चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेल चुके मनप्रीत गोनी भी यहां पर थे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से बाएं हाथ के इंटरनेशनल बल्लेबाज रह चुके जैक रूडोल्फ देखने को मिले।
यह रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज में सुरेश रैना का डेब्यू था। स्टुअर्ट बिन्नी को उनकी जबरदस्त पारी के लिए मैन ऑफ द मैच दिया गया है लेकिन यह यूसुफ पठान थे जिन्होंने केवल 15 गेंदों पर तूफानी बल्लेबाजी की और यह उनकी ओर से बहुत अच्छी फिनिशिंग रही।
(सभी फोटो सौजन्य- @RSWorldSeries Twitter)












Click it and Unblock the Notifications