48 घंटे बाद ICU से बाहर आए ऋषभ पंत, संक्रमण के खतरे को देखते हुए शिफ्ट किया गया प्राइवेट वार्ड में
ऋषभ पंत देहरादून के मैक्स अस्पताल में करीब 48 घंटे तक आईसीयू वार्ड में रहे। पांच एक्सपर्ट डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।

दिल्ली से रुड़की जाते वक्त सड़क हादसे में बुरी तरह जख्मी हुए टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की हालत में सुधार हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, ऋषभ पंत ICU वार्ड से बाहर आ गए हैं और उन्हें प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। ऋषभ पंत देहरादून के मैक्स अस्पताल में करीब 48 घंटे तक आईसीयू वार्ड में रहे। पांच एक्सपर्ट डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। यह टीम 24 घंटे उनकी निगरानी कर रही है। बताया जा रहा है आईसीयू वार्ड में संक्रमण के खतरे से बचने के लिए उन्हें प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट किया गया है।
रविवार शाम को शिफ्ट किए गए पंत
दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के डायरेक्टर श्याम शर्मा ने इंडिया टुडे को बताया कि ऋषभ पंत तेजी से रिकवर हो रहे हैं। श्याम शर्मा ने कहा है,"ऋषभ पंत को संक्रमण के खतरे को देखते हुए प्राइवेट वार्ड के एक निजी कमरे में शिफ्ट कर दिया गया है। "डॉक्टरों ने पंत को कल शाम को एक निजी वार्ड में शिफ्ट किया। श्याम शर्मा ने आगे कहा कि बीसीसीआई पंत के लिगामेंट के इलाज पर फैसला लेगा। बीसीसीआई ने एक बयान में कहा कि पंत के माथे पर दो कट लगे हैं, उनके दाहिने घुटने में लिगामेंट फट गया है और उनकी दाहिनी कलाई, टखने, पैर के अंगूठे में भी चोट लगी है और उनकी पीठ पर चोट लगी है।
अभी मैक्स अस्पताल में ही रहेंगे पंत
श्याम शर्मा ने आगे कहा है कि ऋषभ अभी अच्छी तरह से रिकवर हो रहे हैं। श्याम शर्मा ने आगे बताया कि ऋषभ अभी देहरादून के ही मैक्स अस्पताल में रहेंगे। उन्हें शिफ्ट करने की फिलहाल जरूरत नहीं है। बाद में बीसीसीआई उसके लिगामेंट के इलाज के लिए फैसला कर सकता है। साथ ही बाद में अगर पंत को विदेश ले जाने की जरूरत होगी तो या फिर प्लास्टिक सर्जरी करानी होगी तो इसका फैसला बोर्ड ही करेगा।
आपको बता दें कि इससे पहले उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने बताया था कि पंत की कार रुड़की जाते समय सुबह करीब साढ़े पांच बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना रुड़की के समीप मोहम्मदपुर जाट में हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications