Rinku Singh ने रचा इतिहास, एडम गिलक्रिस्ट का 14 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त, एक ही मैच में हुआ कमाल!
Rinku Singh Creates History: भारतीय क्रिकेट के नए फिनिशर रिंकू सिंह ने आईपीएल 2026 में रविवार को वह कर दिखाया, जो टूर्नामेंट के 19 सालों के इतिहास में कोई दिग्गज नहीं कर सका। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ एकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रिंकू ने न केवल बल्ले से 83 रनों की आतिशी पारी खेली, बल्कि फील्डिंग में भी 4 कैच लपककर एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की सुपर ओवर में हुई इस रोमांचक जीत के असली नायक रिंकू सिंह ही रहे।
रिंकू सिंह ने रचा इतिहास (Rinku Singh Creates History)
रिंकू सिंह आईपीएल के इतिहास में पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने एक ही मैच में 80 से ज्यादा रन बनाए और साथ ही 4 या उससे अधिक कैच भी लपके। इससे पहले यह रिकॉर्ड एडम गिलक्रिस्ट (64 रन, 4 कैच) के नाम था। नॉन-विकेटकीपर की बात करें तो रियान पराग (56 रन, 4 कैच) टॉप पर थे, लेकिन रिंकू ने 83 रन बनाकर सबको पीछे छोड़ दिया।

रिंकू ने खेली 51 गेंदों में 83 रनों की नाबाद पारी
रिंकू आईपीएल के एकमात्र ऐसे खिलाड़ी भी बन गए हैं, जिन्होंने दो अलग-अलग मैचों में 4 कैच लेने का कारनामा किया है। इससे पहले उन्होंने 2022 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ भी 4 कैच पकड़े थे। कोलकाता की शुरुआत बेहद खराब रही थी और टीम 31 रन पर 4 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। रिंकू ने 51 गेंदों में 83 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल थे।
केकेआर को दिलाई यादगार जीत
20वें ओवर में रिंकू ने दिग्वेश राठी को लगातार 4 छक्के जड़कर कोलकाता को 155 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। मैच टाई होने के बाद जब सुपर ओवर हुआ, तो वहां भी रिंकू का जलवा बरकरार रहा। सुपर ओवर में नरेन की गेंद पर रोवमैन पॉवेल की मदद से रिंकू ने एडेन मार्करम का कैच लपका। अंत में रिंकू सिंह ने ही विनिंग शॉट लगाकर अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली केकेआर को सीजन की दूसरी जीत दिलाई।












Click it and Unblock the Notifications