रिकी पोंटिंग ने WTC फाइनल में टीम इंडिया की सबसे बड़ी कमजोरी का किया खुलासा, IPL को लेकर दी बड़ी प्रतिक्रिया
WTC Final 2023: विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम इंडिया कमजोर स्थिति में नजर आ रही है। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने इंडिया की कुछ गलतियों को उजागर किया है।

WTC Final 2023: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 469 रन बनाए, जिसके जवाब में टीम इंडिया ने 296 रन बनाए। फिलहाल, दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट गंवाकर 123 रन बना लिए हैं। ऐसे में अब टीम इंडिया इस मुकाबले में कंगारू टीम के आगे लगातार पिछड़ती जा रही है। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने इंडिया की गलतियों को एक बार फिर से उजागर किया है।
आधी अधूरी तैयारी को लेकर उठाए सवाल
रिकी पोंटिंग ने कहा कि, 'ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल में भारत के प्रदर्शन ने दिखाया है कि उनकी तैयारी पूरी नहीं थी। पोंटिंग ने आधी अधूरी तैयारी को लेकर गेंदबाजी विभाग पर सवाल उठाए। तेज पिच पर ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 173 रन की बढ़त के बाद भारत आईसीसी फाइनल में वापसी की उम्मीद कर रहा है।
हालांकि, मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी खेल में अच्छे साबित हुए हैं, जबकि उमेश यादव और शार्दुल ठाकुर आईपीएल में ज्यादा ओवर नहीं डाल पाने के कारण टेस्ट में असफल साबित हो रहे हैं। शार्दुल ठाकुर ने पूरे आईपीएल में 21 ओवर फेंके और उमेश यादव ने 19 ओवर फेंके।
पोंटिंग ने द ओवल में पीटीआई से बातचीत के दौरान कहा कि, 'मुझे लगता है कि उन्होंने ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ा। उनकी तैयारी शायद इस एक टेस्ट मैच के लिए आइडल नहीं थी, क्योंकि उनके सभी खिलाड़ी आईपीएल में थे।' ऑस्ट्रेलिया के भी कुछ खिलाड़ी वहां थे लेकिन कुछ खिलाड़ियों ने तीन महीने तक क्रिकेट नहीं खेला।' पोंटिंग ने कहा कि 'अंत में यह व्यक्तिगत तैयारी पर निर्भर करता है।'
उन्होंने आगे कहा कि, 'मुझे नहीं पता (भारतीय बल्लेबाजों पर) आईपीएल का कितना प्रभाव रहा। अगर आप विराट से पूछेंगे तो वह कहेंगे कि यह उनके लिए बिल्कुल सही है क्योंकि उन्होंने हर तरह के रन बनाए हैं। अगर आप रहाणे से पूछते तो उन्हें आईपीएल के बिना इस मैच के लिए नहीं चुना जाता। तो यह दोनों तरह से काम करने वाला है।'
पोंटिंग ने कहा, 'मैंने आज सुबह शार्दुल के साथ बातचीत की थी। उन्होंने कहा कि उन्हें दिक्कत महसूस होने लगी है, क्योंकि वह पर्याप्त गेंदबाजी नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने डेढ़ दिन में जितनी गेंदबाजी की है उतनी उन्होंने पूरे आईपीएल में गेंदबाजी नहीं की है।'
उन्होंने अजिंक्या रहाणे को लेकर कहा कि, 'वह बहुत अच्छा खेले। मैंने लंच ब्रेक पर कहा था कि जब आप इस तरह से खेल सकते हैं, तो आपको आश्चर्य होता है कि उन्हें टीम में क्यों नहीं चुना गया है। उनके रिकॉर्ड को जानने से पता चलता है कि जब उनकी टीम को उनकी सबसे ज्यादा जरूरत होती है तो वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications