RCB vs PBKS: करो या मरो के मैच में पंजाब ने आरसीबी को रौंदा, रोमांचक हुआ प्लेऑफ का समीकरण
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के 60 मैच पूरे हो चुके हैं और फैन्स को अभी तक प्लेऑफ में पहुंचने वाली सिर्फ एक ही आधिकारिक टीम मिली है। वहीं पर प्लेऑफ की रेस से सिर्फ दो ही टीमें बाहर हुई हैं और 7 टीमों के बीच 3 पायदान की रेस लगी हुई है। शुक्रवार को इसी उम्मीद को बरकरार रखने के लिये पंजाब किंग्स की टीम का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से हुआ और उसने इस अहम मैच में जीत हासिल कर प्लेऑफ की उम्मीद को भी जिंदा रखा है।

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम को इस मैच में सिर्फ टॉस के दौरान ही जीत मिली लेकिन उसके बाद खेल के हर विभाग में हार का ही सामना करना पड़ा। पंजाब किंग्स की टीम ने जॉनी बेयरस्टो (66) और लियाम लिविंगस्टोन (70) की विस्फोटक पारी के चलते 209 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया जिसका पीछा करते हुए आरसीबी की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 155 रन ही बना सकी और 54 रनों से मैच हार गई।
और पढ़ें: RCB vs PBKS: बेयरस्टो-लिविंगस्टोन ने कर दी चौके-छक्कों की बारिश, 14 छक्के-16 चौके लगा बनाये 209 रन

मुश्किल हुई आरसीबी की प्लेऑफ की राह
पंजाब किंग्स की टीम ने 54 रनों की विशाल जीत के साथ न सिर्फ 2 अंक प्राप्त किये बल्कि अपने नेट रन रेट को बेहतर करने के साथ ही आरसीबी के नेट रन रेट को खराब कर दिया है। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिये आरसीबी की टीम को गुजरात के खिलाफ खेले जाने वाले अगले मुकाबले में जीत की दरकार रहेगी, हालांकि खराब नेट रन रेट होने की वजह से उसका 16 अंक हासिल करने के बावजूद पहुंच पाना मुश्किल रहेगा। आरसीबी की टीम को अगर प्लेऑफ में पहुंचना है तो उसे न सिर्फ अपने अगले मैच में जीत की दरकार रहेगी बल्कि वह प्रार्थना करेगी कि दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 16 अंक तक न पहुंच सके, क्योंकि दोनों ही टीमों का नेट रन रेट आरसीबी के मुकाबले बहुत अच्छा है और अगर वो यहां पहुंच जाते हैं तो आरसीबी बाहर हो जायेगी।

पंजाब के लिये क्या है समीकरण
वहीं पंजाब किंग्स की टीम भी बचे हुए दोनों मैचों में जीत हासिल कर लेगी तो 16 अंक हासिल कर लेगी, हालांकि उसका नेट रन रेट भी खराब चल रहा है, ऐसे में वो भी अपने बचे हुए दोनों मैचों में सिर्फ जीत ही नहीं बल्कि बड़ी जीत हासिल करने की कोशिश करेगी। 210 रनों का पीछा करने उतरी आरसीबी की टीम ने विस्फोटक शुरुआत करते हुए महज 3 ओवर में 33 रन बना लिये थे लेकिन रबाडा ने कोहली (20) का विकेट लेकर इस साझेदारी को तोड़ दिया। वहीं टीम के कप्तान फाफ डुप्लेसिस अगले ही ओवर में ऋषि धवन का शिकार बनें और आरसीबी को दूसरा झटका लगा। ऋषि धवन ने इसी ओवर में महिपाल लोमरोर का विकेट लेकर अपनी टीम को तीसरी सफलता दिलाई और आरसीबी की पावरप्ले में कमर तोड़ दी।

पाटिदार-मैक्सवेल ने संभाला, पर चाहर-बरार ने कराई वापसी
इसके बाद रजत पाटिदार (26) और ग्लेन मैक्सवेल (35) ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिये 64 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम की उम्मीदों को बरकरार रखा। हालांकि राहुल चाहर ने इस साझेदारी को तोड़ अपनी टीम की वापसी कराई तो वहीं पर हरप्रीत बरार ने मैक्सवेल का विकेट लेकर रही सही कसर पूरी कर दी। दिनेश कार्तिक आरसीबी की आखिरी उम्मीद थे लेकिन रनों के दबाव के चलते वो भी अर्शदीप सिंह का शिकार बने, इसके बाद कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक मैदान पर टिक नहीं सका और पूरी टीम 155 रन ही बना सकी।

गेंदबाजों के दम पर जीती पंजाब
पंजाब किंग्स के लिये इस मैच में कगिसो रबाडा (4 ओवर 17 रन 3 विकेट) ने शानदार गेंदबाजी की और अहम समय पर विकेट चटकाने का काम किया। वहीं ऋषि धवन और राहुल चाहर ने भी 2-2 विकेट अपने नाम किये और 9.00, 9.20 की इकॉनमी से रन दिये। अर्शदीप सिंह और हरप्रीत बरार के खाते में भले ही एक-एक विकेट आया हो लेकिन दोनों गेंदबाजों ने टीम के लिये अहम समय पर विकेट चटकाने का काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications