'माही अलग हैं...,' सुनील गावस्कर ने MS Dhoni को बताया IPL इतिहास का सर्वश्रेष्ठ कप्तान
IPL 2023: सुनील गावस्कर का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स को पता है कि मुश्किल परिस्थितियों से कैसे बाहर निकलना होता है। उन्होंने बताया कि यह केवल महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी से ही संभव हो पाया है। वह एक अलग कप्तान हैं।

IPL 2023, CSK vs RCB: आईपीएल में आज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला होने जा रहा है। इस रोचक मैच से पहले भारत के पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने एमएस धोनी की जमकर प्रशंसा की है। उन्होंने धोनी को इतिहास का सर्वश्रेष्ठ कप्तान करार देते हुए कहा कि उनके जैसा कप्तान ना कभी हुआ और ना ही भविष्य में होगा।
सीएसके के कप्तान के रूप में धोनी ने जीते हैं 120 मैच
दरअसल, एमएस धोनी ने 12 अप्रैल को चेन्नई में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सीएसके की अगुवाई करते हुए कप्तान के रूप में 200 मैच खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही धोनी ने आईपीएल रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया, 200 मैचों में आईपीएल टीम की कप्तानी करने वाले पहले खिलाड़ी बने। सीएसके के कप्तान के रूप में धोनी ने 120 मैच जीते हैं और 79 हारे हैं। इस आंकड़े के साथ ही यह उपलब्धि हासिल करने वाले आईपीएल के इतिहास में वह पहले खिलाड़ी हैं।
धोनी जैसा कप्तान ना कभी हुआ और ना ही भविष्य में होगा- गावस्कर
ऐसे में पूर्व भारतीय कप्तान गावस्कर ने कहा कि, 'चेन्नई सुपर किंग्स को पता है कि मुश्किल परिस्थितियों से कैसे बाहर निकलना होता है। यह केवल महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी से ही संभव हो पाया है। 200 मैचों में कप्तानी करना बेहद मुश्किल है। भारत के पूर्व क्रिकेटर ने स्टार स्पोर्ट्स के क्रिकेट लाइव शो में कहा कि, 'इतने सारे मैचों में कप्तानी करना एक बोझ है और इससे उनके प्रदर्शन पर भी असर पड़ सकता था, लेकिन माही अलग हैं। वह एक अलग कप्तान हैं। उनके जैसा कप्तान ना कभी हुआ और ना ही भविष्य में होगा।
सीएसके और आरसीबी के लिए बेहद अहम है आज का मैच
चेन्नई सुपर किंग्स आज, 17 अप्रैल को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से भिड़ेगी। यह मुकाबला दोनों पक्षों के लिए महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि जो भी जीतेगा वह टॉप-4 चार में पहुंच जाएगा। अभी तक दोनों टीमों के बीच कुल 31 मैच हुए हैं, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 मैचों में जीते हैं, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने सिर्फ 10 मैच ही अपने नाम किए हैं। हालांकि, एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकल पाया था।
Recommended Video
गावस्कर ने कोहली की प्रशंसा में कही ये बात
गावस्कर ने आरसीबी को शानदार शुरुआत देने के लिए विराट कोहली की भी सराहना की, उन्होंने कहा कि कोहली आरसीबी को पारी की शुरुआत में अच्छे स्कोर तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं। आरसीबी को जो शुरुआत मिल रही है उसके लिए वह बहुत सारे श्रेय के हकदार हैं। ये आरसीबी के लिए अच्छे संकेत हैं। आरसीबी और सीएसके के बीच मैच भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे से शुरू होगा।












Click it and Unblock the Notifications