भगदड़ के बाद RCB का क्या होगा? कर्नाटक सरकार ने चिन्नास्वामी स्टेडियम को लेकर किया अंतिम फैसला
RCB: आईपीएल में पिछला सीजन जीतने के बाद आरसीबी के जश्न के दौरान बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ मच गई थी। उसके बाद कर्नाटक सरकार ने वहां मुकाबले आयोजित करने पर पाबंदी की बात कही। इस पर आरसीबी ने आगामी आईपीएल के लिए नए स्टेडियम की तलाश शुरू कर दी थी। अब एक बड़ी खबर सामने आई है।
कर्नाटक के डिप्टी चीफ मिनिस्टर डीके शिवकुमार ने रविवार को क्रिकेट प्रेमियों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की है कि बेंगलुरु का प्रतिष्ठित चिन्नास्वामी स्टेडियम भविष्य में भी इंडियन प्रीमियर लीग के मैचों की मेज़बानी करता रहेगा।

डीके शिवकुमार ने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) के अध्यक्षीय चुनावों में वोट डालने के बाद पत्रकारों से बात की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जून 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की IPL 2025 की जीत के बाद हुए जश्न के दौरान हुई दुर्घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी, लेकिन इसके कारण बेंगलुरु से क्रिकेट का रोमांच दूर नहीं होगा।
डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार और प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाएँ न हों और चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट आयोजन बेंगलुरू के सम्मान को बनाए रखते हुए किए जाएँगे। उन्होंने अपने बयान से दर्शा दिया है कि आरसीबी के फैन्स को एक बार फिर से बेंगलुरु में ही मुकाबले देखने को मिलने वाले हैं।
कर्नाटक सरकार की योजना अधिक क्षमता वाला बड़ा स्टेडियम बनाने की भी है। फिलहाल मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम में होंगे, यह घोषणा बेंगलुरु के क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी है, जो अपने घरेलू मैदान पर अपनी पसंदीदा टीम RCB को खेलते देखना चाहते हैं।
पहली बार टाइटल जीतने के बाद आरसीबी का जश्न हो रहा था, उस दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई दुखद भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे में 50 से अधिक लोग घायल भी हुए थे। फैन्स बड़ी संख्या में स्टेडियम के अंदर प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications