रवींद्र जडेजा ने भी T20 से लिया संन्यास, जीत के बाद परिवार ने दी खेलने की सलाह, फिर क्यों लिया ये फैसला
T20 World Cup Ravindra Jadeja: टी20 विश्व कप 2024 में भारतीय क्रिकेट टीम ने साउथ अफ्रीका को 7 रनों से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। विश्व चैंपियन बनने के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और पूर्व कप्तान विराट कोहली ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। इसके बाद अब टीम इंडिया के ऑलराउंड क्रिकेटर रवींद्र जडेजा ने भी T20 से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है।
क्रिकेटर रवींद्र जडेजा ने T20 से संन्यास लेने की घोषणा रविवार 30 जून को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर की। रवींद्र जडेजा के टी20 से अलविदा कहने की चर्चा काफी पहले से थी। टी20 विश्व कप जीतने के बाद जडेजा की बहन ने उन्हें खेलने की सलाह दी थी। लेकिन फिर भी उन्होंने इस फॉर्मेट से रिटायरमेंट लेने का फैसला क्यों किया? आइए जानें?

रवींद्र जडेजा बोले- टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों को अलविदा
रवींद्र जडेजा ने संन्यास लेने की घोषणा करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा,
''मैं कृतज्ञता से भरे दिल से टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों को अलविदा कहता हूं। गर्व से सरपट दौड़ने वाले एक दृढ़ घोड़े की तरह, मैंने हमेशा अपने देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है और अन्य फॉर्मेट में भी ऐसा करना जारी रखूंगा। टी20 विश्व कप जीतना एक सपना सच होने जैसा था, मेरे टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर के यादों, उत्साह और अटूट समर्थन के लिए धन्यवाद। जय हिंद।''
नयना बा ने कहा- ये वर्ल्ड कप रवींद्र और हमारे के लिए बहुत खास है
गुजरात के राजकोट में रवींद्र जडेजा की बहन नयना बा जडेजा ने टीम इंडिया की जीत पर अपनी खुशी जाहिर की है। रवींद्र जडेजा के बारे में बात करते हुए नयना बा ने कहा,
''आज मुझे अपने भाई के बचपन से लेकर क्रिकेट की पूरी जर्नी याद आ रही है। 2011 में इंडिया ने वर्ल्ड कप जीता था, तब से वह टीम का हिस्सा है, हालांकि उस वक्त वह प्लेइंग 11 में नही खेल रहे थे। इसलिए ये वर्ल्ड कप रवींद्र और हमारे के लिए बहुत खास है।''
नयना बा ने जडेजा बोलीं- 'रवींद्र जडेजा अभी तो फिट हैं...'
रवींद्र जडेजा के फॉर्म पर बात करते हुए नयना बा ने कहा,
''मुझे लगता है कि यह हर प्लेयर की खुद की च्वाइस है कि उसके कब संन्यास लेना है और कब तक खेलना है। जब तक आप अपना बेस्ट परफॉर्मेंस दे रहे हैं, तब तक आप खेल सकते हैं। अगर आपको लगता है कि अब इस फॉर्मेट नहीं खेलना तो फैसला लेना चाहिए। जिसको जरूरत है, वो रिटायरमेंट ले रहे हैं, जहां तक रवींद्र जडेजा की बात है, तो मुझे लगता है कि अभी उसकी उम्र वैसी नहीं है और ना ही उसकी फिजिकल फिटनेस खराब है, उसकी फिटनेस अच्छी है, इसलिए मैं तो उसको अभी ग्राउंड पर देखना चाहूंगी।''
क्यों रवींद्र जडेजा ने T20 क्रिकेट से लिया संन्यास?
असल में टी20 विश्व कप में ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। जडेजा इस पूरे टूर्नामेंट में ना ही बल्ले से और ना ही गेंद से कमाल कर पाए हैं। रवींद्र जडेजा ने इस वर्ल्ड कप के 8 मैचों में 5 पारी खेली और सिर्फ 35 रन बनाए हैं। उनका स्कोर 2, 17, 9, 7, 0 रहा है।
अगर गेंदबाजी की बात करें तो रवींद्र जडेजा ने पूरे टूर्नामेंट में 1 विकेट ही लेने में सफल रहे हैं। टी20 वर्ल्ड कप के अलावा पिछले 1 साल में एशिया कप और वनडे वर्ल्ड कप में भी रवींद्र जडेजा का प्रदर्शन कुछ खास नहीं था।
जडेजा अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 15 साल के करियर में 74 मैच की 41 पारियों में मात्र 515 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक भी अर्धशतक नहीं लगाया है। हालांकि इसमें एक फैक्टर ये भी है कि वो हमेशा 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आते हैं, जब बॉल ज्यादा नहीं बचे होते हैं। वहीं गेंदबाजी में उन्होंने 74 मैचों की 71 पारियों में 54 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनकी इकॉनमी 7.13 की रही है।
आने वाले वक्त में जडेजा की जगह टीम इंडिया में अक्षर पटेल, वेंकटेश अय्यर, नितीश रेड्डी, शाहबाज अहमद जैसे बेहतरीन ऑलराउंडर उनकी जगह ले सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications