PSL ने की IPL की नकल! 2026 से शुरू होगा 'ऑक्शन' सिस्टम, पर हार्दिक पंड्या की घड़ी से भी कम है टीम की कीमत
PSL Auction 2026: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपनी घरेलू टी-20 लीग पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में एक बड़ा बदलाव किया है। सोमवार को पीसीबी ने आधिकारिक घोषणा की कि साल 2026 में होने वाले PSL के 11वें सीजन से पारंपरिक प्लेयर ड्राफ्ट सिस्टम को खत्म कर दिया जाएगा। इसकी जगह अब प्लेयर ऑक्शन (खिलाड़ियों की नीलामी) मॉडल अपनाया जाएगा, जो बिल्कुल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की तरह होगा।
पीसीबी ने इस वजह से लिया ये फैसला (PSL Auction 2026)
पीसीबी के अनुसार इस रणनीतिक बदलाव का मुख्य उद्देश्य टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा को बढ़ाना और खिलाड़ियों को ज्यादा कमाई करने का मौका देना है। अब तक PSL में ड्राफ्ट के जरिए खिलाड़ियों की फीस तय होती थी, लेकिन ऑक्शन मॉडल आने से अब किसी खिलाड़ी पर बोली लगाई जा सकेगी। जिससे स्टार खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा के अनुसार मोटी रकम मिल सकेगी।

रिटेंशन और सैलरी पर्स में हुए बड़े बदलाव
PSL 11 के लिए पीसीबी ने नियमों में भारी फेरबदल किया है। अब प्रत्येक फ्रेंचाइजी केवल 4 खिलाड़ियों को ही रिटेन (अपनी टीम में बरकरार) रख सकेगी। पहले यह संख्या 8 थी। इसमें भी शर्त यह है कि हर कैटेगरी से केवल एक ही खिलाड़ी रिटेन किया जा सकता है। मेंटर, ब्रांड एंबेसडर और 'राइट टू मैच' (RTM) कार्ड जैसे नियमों को अब हटा दिया गया है।
हर फ्रेंचाइजी के पास इतना होगा बजट
खिलाड़ियों को खरीदने के लिए हर फ्रेंचाइजी का बजट बढ़ाकर 16 लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग 13.3 करोड़ रुपये) कर दिया गया है। हर टीम को एक विदेशी खिलाड़ी को सीधे साइन करने की अनुमति होगी, बशर्ते वह खिलाड़ी PSL 10 का हिस्सा न रहा हो। PSL का 11वां सीजन 26 मार्च 2026 से शुरू होगा। इस बार टूर्नामेंट को और भव्य बनाने के लिए मैचों के आयोजन स्थल में भी इजाफा किया गया है। अब फैसलाबाद भी पीएसएल मैचों की मेजबानी करेगा।
पंड्या की घड़ी की कीमत टीम के पर्स से ज्यादा
पीएसएल में टीम को मिलने वाली पर्स से हार्दिक पंड्या की घड़ियों की कीमत काफी ज्यादा है। रिपोर्ट्स के अनुसार उनकी Richard Mille RM 27-04 घड़ी की कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये है। हालांकि पीसीबी ने सैलरी पर्स बढ़ाया है, लेकिन अगर इसकी तुलना आईपीएल से करें तो यह अभी भी काफी कम है। आईपीएल में एक-एक खिलाड़ी पर 20 करोड़ से ज्यादा की बोली लगती है, जबकि पीएसएल की पूरी टीम का बजट ही करीब 13.3 करोड़ रुपये रखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications